जिला कलक्टर ने ली समीक्षा बैठक, दिए निर्देश
उदयपुर, 13 अप्रैल। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने सोमवार को कलक्ट्रेट मिनी सभागार में सभी विभागीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली।
बैठक में जिला कलक्टर ने मुख्यमंत्री प्रकोष्ठ, प्रधानमंत्री प्रकोष्ठ और संपर्क पोर्टल पर दर्ज होने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका संवेदनशीलता के साथ समाधान करने की हिदायत दी। उन्होंने विभाग वार संपर्क पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से जवाब-तलब किया। जिला कलक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी अधिकारी संपर्क का मोबाइल एप डाउनलोड कर नियमित रूप से उसकी मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि संपर्क एप को नियमित देखते हुए प्रकरणों के निस्तारण को आदत में शामिल करें, ताकि राज्य सरकार की अपेक्षा के अनुरूप आमजन को त्वरित राहत प्रदान की जा सके।
जिला कलक्टर ने सतर्कता समिति तथा विभिन्न आयोगों में लंबित प्रकरणों की भी विभागवार जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी विभागों के राज्य स्तर से जुड़े विषयों की भी जानकारी ली। सक्षम स्तर पर बात कर उनके समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बजट घोषणाओं तथा फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।
सभी विभाग समन्वय से कार्य करें
जिला कलक्टर श्री अग्रवाल ने विभागीय समन्वय पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि दो विभागों में आपसी सामंजस्य की कमी के चलते किसी परिवादी को परेशानी नहीं होनी चाहिए और न ही कोई विकास कार्य लंबित रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय से कार्य करने तथा राज्य स्तरीय विषयों को तत्काल संज्ञान में लाने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम प्रशासन दीपेंद्रसिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, जिला परिषद कार्यवाहक सीईओ विरमाराम, युडीए सचिव हेमेंद्र नागर, गिर्वा एसडीएम अवुला सांईकृष्ण सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
