जलियांवाला बाग नरसंहार स्मृति दिवस एवं डॉ. अम्बेडकर जयंती पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

कोटा, 13 अप्रैल 2026। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय कोटा द्वारा आज राजकीय बालिका औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, कोटा में जलियांवाला बाग नरसंहार स्मृति दिवस तथा भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जलियांवाला बाग के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अद्वितीय बलिदान, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को स्मरण किया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य श्री उपेन्द्र सिंह उपकार ने कहा कि जलियांवाला बाग की घटना भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक ऐतिहासिक और निर्णायक मोड़ था। यह केवल एक दुखद अध्याय नहीं, बल्कि देशवासियों में स्वतंत्रता, स्वाभिमान और एकजुटता की चेतना जगाने वाली प्रेरक घटना भी है। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव राष्ट्र सेवा, एकता और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रचार सहायक श्री प्रेम सिंह यादव ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन, संघर्ष और विचारों पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के प्रति उनके योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने युवाओं से डॉ. अम्बेडकर के संदेश—“शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो”—को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में जलियांवाला बाग नरसंहार तथा डॉ. अम्बेडकर के जीवन एवं विचारों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को विभाग की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!