ईएसआईसी अस्पताल में वार्षिक स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 2 अप्रैल। श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल, चित्रकूट नगर, भुवाणा में बुधवार 1 अप्रैल से वार्षिक स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के ऑक्यूपेशनल सेफ्टी, हेल्थ एंड वर्किंग कंडीशंस कोड 2020 के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य श्रमिकों को समय पर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार उपलब्ध कराना है।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराधा गहलोत ने बताया कि शिविर के अंतर्गत 40 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी बीमित व्यक्तियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। प्रतिदिन करीब 65 श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जांच के दौरान किसी श्रमिक में बीमारी पाए जाने पर उसे आगे का उपचार भी ईएसआईसी अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। शिविर के सुचारू संचालन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई है जिसमें पृथक काउंटर, तथा अलग से सैंपल कलेक्शन की व्यवस्था शामिल है।  कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रबोध सोलंकी ने बताया कि प्रयोगशाला सेवाएं डॉ. प्रभात कुमार मेहता के पर्यवेक्षण में संचालित की जा रही है, जिससे श्रमिकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधा मिल रही है। शिविर के शुभारंभ पूर्व आयोजित बैठक में नियोक्ताओं, ईएसआईसी उप क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों एवं चिकित्सकों ने भाग लिया। बैठक में अधिक से अधिक श्रमिकों को जोड़ने और जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराधा गहलोत ने कहा कि कर्मचारियों का स्वास्थ्य सर्वाच्च प्राथमिकता है और सभी पात्र बीमित व्यक्तियों को इस निःशुल्क सुविधा का लाभ उठाना चाहिए। वहीं संयुक्त निदेशक दीपक कुमार चौरसिया ने इसे श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए नियोक्ताओं एवं कर्मचारियों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।
शिविर के माध्यम से उदयपुर क्षेत्र के ईएसआई कार्डधारक श्रमिकों को न केवल स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल रही है, बल्कि उन्हें ईएसआईसी की विभिन्न योजनाओं और लाभों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। समय पर जांच से बीमारियों की पहचान संभव हो रही है, जिससे शीघ्र उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!