आज शहर में छाएगा भगवा रंग, निकलेगी भव्य भगवा चारपहिया वाहन रैली

आज दिखेगा सनातन उत्साह, भगवा वाहन रैली से गूंजेगा शहर
आज निकलेगी भगवा वाहन रैली, संतों के सानिध्य में शोभायात्रा की तैयारियां
उदयपुर, 17 मार्च। भारतीय नववर्ष समाजोत्सव समिति द्वारा चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत 2083 के उपलक्ष्य में आयोजित नवसंवत्सर उत्सव के अंतर्गत 18 मार्च को भगवा चार पहिया वाहन रैली निकली जाएगी।
समिति के संयोजक डॉ. परमवीर सिंह दुलावत ने बताया कि भगवा चार पहिया वाहन रैली आज 18 मार्च को सायं 3 बजे महाकाल मंदिर, रानी रोड से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए सब-सिटी सेंटर पर समाप्त होगी।
रैली का मार्ग महाकाल मंदिर से प्रारंभ होकर चेतक सर्कल, पंचवटी, सुखाड़िया सर्कल, फतहपुरा, आर.के. सर्कल, भुवाणा बायपास, सुखेर चौराहा, मीरा नगर 100 फीट रोड, मेवाड़ सर्कल (शोभागपुरा), आयड़ पुलिया, विवेकानंद चौराहा, ठोकर चौराहा, एफसीआई गोदाम, अटल सभागार, नारायण सेवा संस्थान, जड़ाव नर्सरी (सेक्टर 6), हाड़ी रानी चौराहा – सवीना होते हुए समापन स्थल सब सिटी सेण्टर पर पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि वाहन रैली के लिए प्रवेश फतहसागर के देवाली छोर से नीमचमाता पुलिया की ओर से रहेगा।
संतों का संगम, शोभायात्रा को भव्य बनाने पर मंथन
भारतीय नववर्ष की तैयारियों के अंतर्गत पूज्य संतों का संगम भी आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न संत-महात्माओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए आगामी शोभायात्रा को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
संतों ने सुझाव दिया कि शोभायात्रा में सनातन संस्कृति की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दे, इसके लिए सभी सनातन धर्मग्रंथों को अग्रभाग में रखकर शोभायात्रा निकाली जाए। साथ ही हिन्दू समाज को एकजुट करने के उद्देश्य से सभी जाति-बिरादरी तक व्यापक स्तर पर संपर्क किया जाए तथा समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न व्यापार मंडलों से संपर्क कर उन्हें भी इस आयोजन से जोड़ने का सुझाव दिया गया।
बैठक में मुख्य वक्ता धनराज ने संत-महात्माओं से आग्रह किया कि वे अपने-अपने आश्रमों में भी नववर्ष को लेकर बैठकें आयोजित करें तथा अपने अनुयायियों एवं भक्तों को अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में सम्मिलित होने के लिए प्रेरित करें।
संतों ने इस पर सहमति व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि वे अपने स्तर पर समाज को जागरूक करते हुए भारतीय नववर्ष उत्सव को भव्य बनाने में पूर्ण सहयोग देंगे।
समिति ने उदयपुरवासियों से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में वाहन रैली एवं आगामी शोभायात्रा में शामिल होकर भारतीय नववर्ष के स्वागत में अपनी सहभागिता निभाएं और “पंच परिवर्तन” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!