—घटना सीसीटीवी में कैद
उदयपुर। मावली तहसील के लदाना क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध खाटू श्यामजी के मंदिर में बीती रात बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र से करीब 8 लाख रुपए से ज्यादा की नकदी पार कर ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा देखा जा रहा है। सीसीटीवी कैमरे में 3 चोर दानपात्र की नगदी चोरी करते दिखे। मंदिर के पुजारी राहुल शर्मा ने बताया कि रोज की तरह सुबह जब वे मंदिर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। मंदिर के गेट का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखा दानपात्र भी क्षतिग्रस्त हालत में मिला। दानपात्र में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया लाखों का चढ़ावा गायब था। पुजारी ने तुरंत इसकी सूचना गांव के लोगों को दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जमा हो गए।
चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज खंगालने पर पता चला कि देर रात चार बदमाश मंदिर में दाखिल हुए थे। इनमें से तीन चोर बहुत ही इत्मीनान से दानपात्र तोड़कर रुपयों को एक कट्टे (बोरे) में भरते हुए साफ नजर आ रहे हैं।
वहीं, उनका एक साथी बाहर खड़ा होकर निगरानी कर रहा था ताकि कोई आहट होने पर वह बाकी साथियों को सतर्क कर सके। फुटेज में चोरों की गतिविधियां देखकर साफ लग रहा है कि वे पूरी तैयारी के साथ आए थे।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन फतहनगर थाना पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली और कमजोर गश्त के कारण ही चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस को चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई और चोरी की गई राशि बरामद नहीं की गई, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।
खाटूश्यामजी मंदिर में चोरी,बोरे में भरकर दानपात्र तोड़कर 8 लाख से ज्यादा का कैश ले गए
