– अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पांच महिला शक्ति को नारी गौरव अलंकरण से अलंकृत किया
– श्री महावीर युवा मंच संस्थान महिला प्रकोष्ठ का आयोजन
उदयपुर 8 मार्च । सकल जैन समाज की प्रतिनिधि संस्था संस्था श्री महावीर युवा मंच संस्थान महिला प्रकोष्ठ द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पांच विशिष्ट महिलाओं को नारी गौरव अलंकरण से अलंकृत किया गया।
न्यू भूपालपुरा स्थित निजी रिसॉर्ट में आयोजित महिला दिवस के समारोह में मुख्य अतिथि सकल जैन समाज के अध्यक्ष राजकुमार फत्तावत ने अपने उद्बोधन में कहा कि नारी दो परिवारों की गौरव होती है। यदि नारी फिट होगी तो परिवार, समाज और राष्ट्र भी फिट और खुशहाल रहेगा। महिला शक्ति के कारण ही सामाजिक क्रांति लाई जा सकती है। यदि महिला शक्ति ठान ले तो पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर संपूर्ण राष्ट्र को सोने की चिड़िया बनाने का सपना पूरा किया जा सकता है हमारी धर्म और संस्कृति को जीवंत करने का काम महिला शक्ति द्वारा ही सम्भव है।
नारी फिट तो परिवार फिट आयोजन की श्रृंखला में म्यूजिकल योगा और जुंबा की प्रशिक्षिका प्रिया जैन और रीना भाटी ने नारी को फिट रहने के लिए योग के साथ आवश्यक परामर्श दिए।
इन्हें दिया नारी गौरव अलंकरण –
पिछले 25 वर्षों से अधिक समय से सामाजिक कार्यों में योगदान देने और नेतृत्व प्रदान करने के लिए डॉ शशि चित्तौड़ा, पुष्पा सुराणा, कल्पना बोहरा, आशा कोठारी और विजय लक्ष्मी गलुण्डिया को नारी गौरव अलंकरण से अलंकृत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम संयोजक सोनल सिंघवी, नेहा कोठारी, रेखारानी जैन, मीना तलेसरा के सामूहिक मंगलाचरण से हुआ।
शब्दों द्वारा स्वागत महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष ऋतु मारु ने किया।महामंत्री प्रिया झगड़ावत ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए आभार प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन नेहा कोठारी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के कॉर्डिनेटर चंद्र प्रकाश चोरड़िया, महामंत्री विजयलक्ष्मी गलुण्डिया ने भी सम्बोधित किया।
