– पारंपरिक अकाउंटिंग के साथ-साथ डिजिटल फाइनेंस व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज की महत्ती आवश्यकता : सीए धर्मावत
उदयपुर, 7 मार्च। भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (आईसीएआई) की उदयपुर शाखा की ओर से शनिवार को सेक्टर-14 स्थित आईसीएआई भवन में चार्टर्ड अकाउंटेंट परीक्षा में उत्तीर्ण हुए 28 नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
शाखा अध्यक्ष सीए चिराग धर्मावत ने नए उत्तीर्ण चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में सीए प्रोफेशन तेजी से बदलते आर्थिक और तकनीकी परिवेश के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को पारंपरिक अकाउंटिंग के साथ-साथ डिजिटल फाइनेंस, डेटा एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप एडवाइजरी और फिनटेक सेक्टर में भी अपनी भूमिका मजबूत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रोफेशन में सफलता के लिए निरंतर सीखना, समय प्रबंधन और प्रोफेशनल एथिक्स अत्यंत आवश्यक हैं।
– सीए फाइनल जनवरी 2026 -उदयपुर टॉपर्स की घोषणा
1 मार्च को घोषित सीए फाइनल परीक्षा परिणाम में उदयपुर में लविका कनोडिय़ा प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि प्रियंश चपलोत ने द्वितीय तथा कृष्णा त्रिवेदी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उदयपुर में सीए फाइनल में कुल 345 विद्यार्थियों में से 24 विद्यार्थियों ने दोनों ग्रुप, 47 विद्यार्थियों ने प्रथम ग्रुप तथा 4 विद्यार्थियों ने द्वितीय ग्रुप उत्तीर्ण किया।
सिकासा अध्यक्ष सीए धर्मेन्द्र सिंह कोठारी ने बताया कि सीए इंटरमीडिएट एवं सीए फाउंडेशन जनवरी 2026 परीक्षा का परिणाम 8 मार्च 2026 को आईसीएआई द्वारा घोषित किया जाएगा।
इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष सीए राहुल माहेश्वरी, उपाध्यक्ष सीए सौरभ गोलछा, कोषाध्यक्ष सीए कपिल कुमार जोशी ने भी नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में शाखा सचिव सीए अरुणा गेलड़ा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
आईसीएआई उदयपुर शाखा ने 28 नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का किया सम्मान
