आज निकलेंगे वीणा से सुर,जमेगी सूफीयाना कव्वाली

पंडित चतुरलाल की जन्मशती पर आज शिल्पग्राम में “स्मृतियां” कॉन्सर्ट

उदयपुर। पं. चतुरलाल मेमोरियल सोसायटी एवं हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड द्वारा भारतीय शास्त्रीय संगीत जगत के महान तबला वादक, “ताल के जादूगर” पंडित चतुर लाल की जन्मशती वर्ष के उपलक्ष्य में 6 मार्च को सायं 6.30 बजे शिल्पग्राम में स्मृतियां कॉन्सर्ट का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिसमें पद्म भूषण से सम्मानित सुप्रसिद्ध मोहन वीणा वादक पंडित विश्व मोहन भट्ट की वीणा, तंत्री सम्राट पं. सलील भट्ट की सात्विक वीणा से जहां सुर निकलेंगे वहीं, प्रांशु चतुर लाल की तबले पर अंगुलियों का जादू चलेगा। अंतरराष्ट्रीय कलाकार मोआ डेनियलसन द्वारा संतूर वादन की विशेष प्रस्तुति दी जायेगी। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध नियाजी निजामी ब्रदर्स द्वारा सूफी कव्वाली की प्रस्तुति दी जायेगी।
मीता चतुरलाल ने बताया कि यह वर्ष पंडित चतुरलाल के 100 वर्षों की गौरवशाली संगीत यात्रा को समर्पित है। पंडित चतुर लाल उन अग्रणी भारतीय ताल वादकों में थे जिन्होंने भारतीय ताल को विश्व मंच पर प्रतिष्ठित किया।
शिल्पग्राम में 6 मार्च को स्मृतियां कॉन्सर्ट का यह 26वाँ वर्ष विशेष रूप से उनकी स्मृति और विरासत को समर्पित रहेगा। इस अवसर पर देश-विदेश के विख्यात कलाकार एक ही मंच पर प्रस्तुति देंगे और अपनी कला के माध्यम से उन्हें संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसी कार्यक्रम में जिंक प्रतिभा टैलेंट हंट के विजेताओं को भी इस भव्य मंच पर अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
यह संगीतमय संध्या केवल एक कॉन्सर्ट नहीं, बल्कि एक विरासत का उत्सव है। एक ऐसी धरोहर का, जिसने भारतीय ताल को विश्व पटल पर अमर कर दिया। उदयपुर के समस्त संगीत प्रेमियों को इस ऐतिहासिक अवसर पर सादर आमंत्रित किया जाता है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!