विधायक कोठारी का सपना ओलंपिक 2036 में खेलें भीलवाड़ा के खिलाड़ी

नन्हें बच्चों के लिए सरकार के साथ समाज, स्कूल और संस्थाएं आगे आए- निमावत

भीलवाड़ा 17 फरवरी ।भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी की प्रेरणा से “विधायक खेल विकास योजना” के तहत भीलवाड़ा में 3 से 13 वर्ष तक के नन्हें बच्चों के लिए एक अनूठी पहल प्रारंभ की गई है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2036 के ओलंपिक में भीलवाड़ा के खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को तैयार करना है।
योजना के संयोजक विवेक निमावत एवं कोच अजीत जैन ने बताया कि आज के दौर में नन्हें बच्चे मोबाइल, टीवी, इंटरनेट और फास्ट फूड की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे में उन्हें खेलों की ओर प्रेरित कर स्वस्थ, अनुशासित और प्रतिभाशाली भविष्य देना इस योजना का प्रमुख लक्ष्य है।
विधायक कोठारी के निर्देशानुसार शहर में छह खेल मैदान तैयार किए गए हैं, जहां 3 से 13 वर्ष तक के बच्चों के लिए विभिन्न खेलों के प्रशिक्षित कोच बच्चों को निःशुल्क खेल प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहे है।
संयोजक विवेक निमावत  ने भीलवाड़ा के सभी स्कूलों, समाजों और संस्थाओं से अपील की है कि वे ग्रासरूट स्तर से बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करें। सरकार योजनाएं बना सकती है, लेकिन उन्हें साकार करने के लिए सामूहिक सहयोग आवश्यक है।
खेल क्षेत्र की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जो बच्चे आर्थिक रूप से सक्षम होते हैं, वे खेलों में आगे बढ़ने के लिए गंभीर नहीं होते, और जो बच्चे खेलों में आगे बढ़ना चाहते हैं, वे संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाते हैं। ऐसे में मैदान और कोच उपलब्ध कराने के साथ-साथ खेल सामग्री, उपकरण और नियमित प्रतियोगिताओं का आयोजन अत्यंत आवश्यक है।
विधायक  कोठारी का सपना है कि भीलवाड़ा को खेलों की नई पहचान मिले तथा ओलंपिक 2036 में भीलवाड़ा के खिलाड़ी अपने नगर ,प्रदेश एवं  देश का नाम गौरवान्वित करे । इसके लिए जनसहभागिता की महती आवश्यकता है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!