-कर अनुपालन को सरल बनाने, स्वैच्छिक अनुपालन को प्रोत्साहित करने और विभाग-करदाता के बीच विश्वास मजबूत करने पर जोर
-जीएसटी के हालिया बदलावों को सरल एवं सहज भाषा में समझाया
उदयपुर। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के 100 दिवसीय जीएसटी करदाता आउटरीच एवं हैंड-होल्डिंग कार्यक्रम के तहत केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क आयुक्तालय, उदयपुर की ओर से गुरुवार को जीएसटी भवन में ‘सहज कर संवाद’ करदाता जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में जीएसटी परिषद की 57वीं बैठक में लिए गए निर्णयों, नवीन प्रावधानों और उनके व्यावहारिक प्रभावों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में करदाताओं, व्यापारियों, उद्योग प्रतिनिधियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कर सलाहकारों एवं अन्य हितधारकों ने भाग लिया। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य जीएसटी के हालिया बदलावों को सरल एवं सहज भाषा में समझाना, कर प्रक्रियाओं की जानकारी देना और कर अनुपालन को अधिक सुगम बनाना रहा।
इस अवसर पर केंद्रीय जीएसटी उदयपुर के आयुक्त गौरव सिन्हा ने कहा कि सहज कर संवाद का उद्देश्य जीएसटी अनुपालन को सरल बनाना, स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा देना और विभाग तथा करदाताओं के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि विभाग करदाताओं का सहयोगी है। कर संबंधी जानकारी के अभाव में होने वाली त्रुटियों को दूर करने और प्रक्रियाओं को बेहतर ढंग से समझने के लिए विभाग की ओर से निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाता रहेगा।
संगोष्ठी में वक्ता सीए सौरभ नागदा ने जीएसटी परिषद की 57वीं बैठक के प्रमुख निर्णयों, नवीन प्रावधानों तथा उनके करदाताओं, व्यापारियों और उद्योग जगत पर पड़ने वाले प्रभावों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने विभिन्न जीएसटी प्रक्रियाओं, कर अनुपालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं और व्यावहारिक चुनौतियों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने जीएसटी प्रावधानों, कर प्रक्रियाओं और अनुपालन से जुड़ी विभिन्न शंकाएं एवं सवाल रखे। सीए सौरभ नागदा तथा विभागीय अधिकारियों ने सवालों के जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और व्यावहारिक समस्याओं पर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
प्रतिभागियों ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे व्यापारियों एवं करदाताओं के लिए उपयोगी बताया। संगोष्ठी के माध्यम से विभाग ने सरल कर व्यवस्था, पारदर्शी संवाद और सहयोगात्मक कार्यप्रणाली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
सहज कर संवाद में जीएसटी परिषद के 57वें बैठक के निर्णयों की दी जानकारी
