फतहनगर। एसवीएन मॉडल विद्यालय में शनिवार को पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय संचालक दीपेश गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि देश की सुरक्षा में शहीद हुए जवानों का त्याग सदैव हमें राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा।
वहीं विद्यालय प्रबंधक मुस्कान अग्रवाल ने हमले को कायराना बताया तथा निंदा करते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमर शान है, जिसे सदैव गर्व और सम्मान के साथ याद किया जाएगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं को देशप्रेम, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना अपनाने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति कविता पाठ, भाषण एवं गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावुक और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। अंत में विद्यालय परिवार की सभी शिक्षिकाओं व छात्र-छात्राओं ने एकत्रित होकर दीप प्रज्वलित किए तथा शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए। दो मिनट का मौन रखकर वीर सपूतों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाध्यापक पूरण गोयल सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अमरीन शेख ने किया।
