उदयपुर, 28 जनवरी: प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं निदेशालय द्वारा बुधवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के फार्मासिस्ट संवर्ग के कार्य एवं उत्तरदायित्व निर्धारित किए गए हैं। राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत) के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजस्थान एवं उदयपुर जिला अध्यक्ष विजेन्द्र सिंह राठौड़ वेमला ने बताया कि जॉब चार्ट के लिए प्रदेशाध्यक्ष तिलक चंद्र शर्मा के नेतृत्व मे लगातार प्रयास किए गए और उत्तरदायित्व घरातल पर आया। कार्य एवं उत्तरदायित्व निर्धारित होने से राजस्थान के समस्त सेवारत फार्मासिस्ट में हर्ष की लहर दौड़ गई। कर्मचारी संगठन के मीनाक्षी सिंघल, अंकिता माथुर, सम्पत जाट, संदीप मलारा, रीना डामोर, हितेश त्रिपाठी,लक्ष्मीलाल चौधरी, कपिल खराड़ी, विकास फ़ेनिन, प्रकाश मीणा, करण सिंह, महेंद्र सिंह सोलंकी, मिथलेश सिंह, कैलाश सैनी, मनीष ज्योतियांना ,हरीश जोशी,हेमेंद्र सिंह आदि कर्मचारियों ने संगठन और चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का आभार जताया। फार्मासिस्ट कैडर के अनुसार कार्यों का निर्धारण किया गया।
मनरेगा से आमजन की बढ़ी है हैसियत: झाला
उदयपुर, 28 जनवरी: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव लालसिंह झाला ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) से मजदूरों के साथ सब्जी विक्रेता, छोटे व्यापारी सहित आमजन की हैसियत बढी है।
वे बुधवार को गोगुन्दा विधानसभा क्षेत्र में देवला पंचायत समिति क्षेत्र में उंगलियां, पीपली खेडा, उपलावास, मालवा का चोरा, बेरण,डांग,मेवाड़ो का मठ,चापा की नाल सहित ग्राम पंचायतों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गोगुन्दा द्वारा आयोजित मनरेगा बचाओं अभियान के तहत जनजाकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। झाला ने कहा कि मनरेगा में रोजगार पर काम से मजदूरों का शहरों की ओर पलायन रूका हैं। इससे मजदूरी की राशि बढी है। मजदूरी की राशि के रोटेशन से छोटे व्यापारी, सब्जी विक्रेता सहित आमजन की हैसियत बढी है। पूर्व मंत्री डा मांगीलाल गरासिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने पूर्ववर्ती कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार द्वारा चलाई गई जनकल्याणकारी सभी योजनाओं को एक -एक करके बंद कर दी गई। मनरेगा बंद होने से विकास कार्यों की स्वीकृति का जो अधिकार ग्राम सभा के पास था वह अब केन्द्र सरकार के पास चला जाएगा। रोजगार की गारंटी का अधिकार भी समाप्त गया है। कार्यक्रम को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गोगुंदा (ए) के अध्यक्ष रामसिंह चदाणा, मंडल अध्यक्ष नीकाराम गरासिया, चंपाराम गरासिया नेताराम, पंचायत समिति सदस्य भाणाराम गरासिया ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर उपलावास सरपंच शेराराम गरासिया, डांग सरपंच भूराराम गरासिया, पूर्व पंचायत समिति सदस्य मोतीराम,वीरम चंद,अणदाराम, लछमाराम गरासिया, एडवोकेट नरसा राम गरासिया, लिम्बाराम, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस्कॉन कोवे में 1 फरवरी को नित्यानंद त्रयोदशी महोत्सव
उदयपुर, 28 जनवरी: शहर से सटे मोहनपुरा चिरवा में निर्माणाधीन गन्धर्विका गोवर्धन धारी इस्कॉन कोवे मंदिर में 1 फरवरी को नित्यानंद त्रयोदशी महोत्सव का आयोजन सुबह 10.30 बजे धूमधाम से किया जाएगा। प्रोजेक्ट डाइरेक्टर मदन गोविंद प्रभु ने बताया कि इस अवसर पर मुंबई से हिज होलीनेस भक्ति पद्म सौरभ प्रचारक स्वामी महराज का प्रवचन होगा। कार्यक्रम की शुरुआत कीर्तन से होगी, जिसके बाद भगवान नित्यानंद का पंचामृत और पुष्प अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद भगवत कथामृत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इस अवसर पर युवाओं और कार्यरत पेशेवरों के लिए दोपहर 2 बजे एक विशेष सत्र में देश विदेश मे मन्दिर निर्माण की देखरेख करने वाले इस्कॉन वरिष्ठ सदस्य एवं मन्दिर अध्यक्ष भक्ति पद्म सौरभ प्रचारक स्वामी महराज सोशल मीडिया के अनियंत्रित उपयोग से मुक्ति के निवारणार्थ उपायों पर चर्चा करगें।
