एक करोड़ मुआवजे और बुलडोजर कार्रवाई की मांग
उदयपुर, 20 दिसंबर : शहर में स्कूटी सवार युवक की कार से कुचलकर की गई हत्या के मामले ने शनिवार को तूल पकड़ लिया। मल्लातलाई निवासी आरव खोखर की मौत को पहले सड़क हादसा बताया गया, लेकिन पुलिस जांच में यह सुनियोजित हत्या साबित हुई। इसके बाद मृतक के समाजजन और परिजन बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए और कलेक्ट्रेट से लेकर एमबी अस्पताल की मोर्चरी तक प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने, मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। समाजजनों ने चेतावनी दी कि जब तक प्रशासन उनकी मांगों पर लिखित सहमति नहीं देता, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा। मोर्चरी परिसर में महिलाओं की भी बड़ी संख्या मौजूद रही।
सूरजपोल थाना क्षेत्र में गुरुवार रात आरव खोखर अपने साथी हिमांशु के साथ स्कूटी से किशनपोल से मोगरावाड़ी की ओर जा रहा था। मोगरावाड़ी इलाके में एक कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे आरव की मौके पर ही मौत हो गई और हिमांशु गंभीर घायल हो गया। जांच में सामने आया कि बलीचा क्षेत्र में पहले आरोपियों और युवकों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद कार सवारों ने पीछा करते हुए जानबूझकर स्कूटी को कई बार टक्कर मारने का प्रयास किया और अंततः मोगरावाड़ी में कुचल दिया।
एसपी योगेश गोयल ने बताया कि मामले में हत्या की धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस ने सोहेल उर्फ टेनी, मोहसीन और सोहेल को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी सोहेल उर्फ टेनी गोवर्धनविलास थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले की जांच डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ को सौंपी गई है। पुलिस प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखते हुए अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया है।
