—राज्य सरकार की पहल: वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त एसी तीर्थयात्रा
उदयपुर, 9 दिसंबर : गगनभेदी “गंगा मैया की जय” के जयकारों के बीच राजस्थान सरकार की निशुल्क वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना–2025 के तहत विशेष ट्रेन आज राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। दोपहर 12:20 बजे यह ट्रेन उदयपुर से रामेश्वरम–मदुरई तीर्थ यात्रा के लिए प्रस्थान कर गई। यात्रा को हरी झंडी देने वालों में उदयपुर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर, पूर्व उपमहापौर पारस सिंघवी, अतिरिक्त आयुक्त देवस्थान गीतेश मालवीय, सहायक आयुक्त उदयपुर जतिन गांधी और सहायक आयुक्त ऋषभदेव दीपिका मेघवाल शामिल थे।
उदयपुर स्टेशन से 350 वरिष्ठ नागरिकों ने यात्रा शुरू की, जबकि अजमेर और जयपुर स्टेशनों से 650 और यात्री ट्रेन में शामिल होंगे। कुल 970 यात्रियों के साथ ट्रेन प्रभारी पवन पटेल, एक राजपत्रित अधिकारी, मेडिकल टीम, अनुरक्षक दल सहित कुल 1000 लोग इस यात्रा का हिस्सा हैं। यात्रियों के लिए चाय–नाश्ता, भोजन, आवास, दर्शनीय स्थलों के दर्शन सहित सभी व्यवस्थाएँ राज्य सरकार द्वारा पूर्णतः निशुल्क प्रदान की जा रही हैं।
इस बार पहली बार वरिष्ठ नागरिकों के लिए एसी ट्रेन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जबकि पूर्व वर्षों में नॉन–एसी ट्रेन ही संचालित होती थी। यह ट्रेन 15 दिसंबर को उदयपुर वापस पहुंचेगी। अगली तीर्थयात्रा ट्रेन 18 दिसंबर को डूंगरपुर से कामाख्या के लिए रवाना होगी।
