प्रतापगढ़ : राजुखेड़ा एफएसटी प्लांट लूट का खुलासा, तीन बदमाश गिरफ्तार

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

• प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 70 से अधिक विद्युत ट्रांसफार्मर से तांबा और तेल चोरी की वारदातों का भी भंडाफोड़

प्रतापगढ़  24 जून। प्रतापगढ़ पुलिस ने चोरी और नकबजनी की वारदातों पर लगाम लगाने के अपने अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। छोटीसादड़ी के राजुखेड़ा में एक एफएसटी प्लांट में हुई सनसनीखेज लूटपाट के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों ने सिर्फ लूट को ही अंजाम नहीं दिया बल्कि पिछले तीन-चार महीनों में आसपास के गांवों से 70 से अधिक विद्युत ट्रांसफार्मर (डीपी) से तांबा और तेल निकालने वारदातों को भी अंजाम दिया था।
एसपी विनीत कुमार बंसल ने बताया कि 14 मई को को अंकित सिंह राजपूत निवासी उत्तर प्रदेश ने छोटीसादड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अंकित सिंह आईएनडी सेनिटेशन सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में ठेकेदारी का काम करते हैं। उनका राजुखेड़ा रोड पर एफएसटी प्लांट में काम चल रहा था। अपनी रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि बीती रात वह और चौकीदार देवीलाल प्लांट पर सो रहे थे। तभी कुछ अज्ञात बदमाश आए, उन्होंने ट्रांसफार्मर (डीपी) को तोड़ा और अंदर घुसकर दोनों के साथ मारपीट की। बदमाशों ने उनसे रुपये छीन लिए और प्लांट से पंखा, स्पीड लाइट, वॉटर मोटर, वायर सहित अन्य सामान भी लूटकर ले गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी बंसल के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबत सिंह और वृत्ताधिकारी छोटीसादड़ी गोपाल लाल हिंडोनिया के मार्गदर्शन एवं थानाधिकारी छोटीसादड़ी प्रवीण टांक के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इस गठित टीम ने आसपास के क्षेत्रों में वारदात के तरीके के आधार पर सघन पड़ताल शुरू की। पहचान किए गए बदमाशों की हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी गई।
आखिरकार पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की तो उन्होंने न केवल राजुखेड़ा एफएसटी प्लांट में हुई लूट की घटना को स्वीकार किया बल्कि यह भी खुलासा किया कि पिछले तीन-चार महीनों से नाराणी, बरखेड़ा, चौकड़ी, मलावदा, बरेखन, चरलिया और आसपास के गांवों से उन्होंने करीब 70 से ज्यादा विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी कर उनसे तांबा और तेल निकालने की वारदातों को भी अंजाम दिया है।
तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें पीसी रिमांड पर लिया गया है। पुलिस टीम अब लूटे गए माल की बरामदगी और इस गिरोह के अन्य छह साथी अभियुक्तों की तलाश में जुटी हुई है।
गिरोह में 9 जने शामिल-तीन गिरफ्तार, 6 की तलाश जारी
पुलिस ने लूट के आरोपी ओमप्रकाश बावरी पुत्र चांदमल उम्र 35 साल व दिलीप कुमार बावरी पुत्र फूल सिंह उम्र 23 साल निवासी बम्बोरा थाना छोटीसादड़ी एवं अर्जुन सिंह बावरी पुत्र बादर सिंह उम्र 19 साल निवासी मिंदलाखेड़ा थाना पिपलियामंडी जिला मंदसौर मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया है, अन्य 6 साथी बदमाशों की तलाश की जा रही है।
इस सफलता में थाना छोटीसादड़ी के एसएचओ प्रवीण टांक सहित एसआई निर्भय सिंह, एएसआई शिवराम, अर्जुन सिंह, भंवर सिंह, जगदीश प्रसाद, हेड कांस्टेबल रघुवीर सिंह, महेंद्र कुमार, सुरेश कुमार, बजरंग सिंह, कांस्टेबल हिम्मत सिंह, हरेंद्र सिंह, रामराज व तेजपाल का हाथ रहा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!