डूंगरपुर, 04 मई. शहर के नया महादेव मंदिर परिसर में रविवार को ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला जब भगवान परशुरामजी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की गई। डूंगरपुर जिले में यह भगवान परशुरामजी का पहला मंदिर है, जिसे विप्र फाउंडेशन द्वारा मात्र सात महीनों में तैयार किया गया। सुबह से ही मंदिर में पूजा-अभिषेक और अनुष्ठान प्रारंभ हो गए थे। भगवान का महाभिषेक कर वैदिक रीति से पूजा अर्चना की गई। इस पावन अवसर पर पूरे परिसर में “जय परशुराम” के उद्घोष गूंज उठे। विशेष आकर्षण रहा 1600 महिलाओं की अगुवाई में निकली मंगल कलश यात्रा। पीले और लाल परिधानों में सजी महिलाएं जब जयकारों के साथ चलीं, तो पूरा शहर आध्यात्मिक रंग में रंग गया। यात्रा नया महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर कलेक्ट्री रोड होते हुए न्यू कॉलोनी पोस्ट ऑफिस माताजी मंदिर पहुंची। यहां पवित्र जल भरकर यात्रा पुनः मंदिर की ओर लौटी।
अतिथियों का हुआ स्वागत, ध्वज दंड और कलश की स्थापना : कार्यक्रम में विप्र फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष ललित उपाध्याय एवं सचिव प्रशांत चौबीसा द्वारा अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। उपरणा ओढ़ाकर सम्मान भी किया गया। मंदिर परिसर में ध्वज दंड और शिखर कलश की भी स्थापना की गई, जो धार्मिक रूप से अत्यंत शुभ माने जाते हैं। कार्यक्रम के अंत में पूर्णाहुति यज्ञ संपन्न हुआ जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कीं। इसके बाद विशाल महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ लिया।