विवादित जमीन पर हथियारों के दम पर कब्जा, फर्जी दस्तावेजों से उठवाया पट्टा, केस दर्ज

उदयपुर, 3 मई : शहर के गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में न्यायालय में वाद विचाराधीन होने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा हथियारों के बल पर जबरन जमीन पर कब्जा करने और फर्जी दस्तावेजों से यूआईटी से पट्टे उठाने का मामला सामने आया है। पीड़ितों की शिकायत पर गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार देवाली निवासी केशुलाल भील, गणेश भील, हीरा बाई, सीमा भील और भंवरी बाई ने पुलिस रिपोर्ट में बताया कि उनकी देवाली स्थित पुश्तैनी जमीन पर जनता मार्ग निवासी कैलाश बागड़ी, रमेश बागड़ी, राज बहादुर, अमित, विक्रांत, हितेश, अभिमन्यु और दिव्या बागड़ी ने कब्जा कर लिया। आरोपियों ने 15 मार्च को जेसीबी और हथियारों के साथ पहुंचकर धमकाया और जमीन पर जबरन निर्माण सामग्री डाल दी। पीड़ितों ने बताया कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, उल्टा थाने में जाकर रिपोर्ट दर्ज कराने पर पुलिस ने केशुलाल, लक्ष्मण और गणेश को डराकर बैठा लिया। आरोपियों ने हथियार दिखाकर महिलाओं को भी डराया और कोर्ट केस वापस लेने के लिए धमकाया। साथ ही खाली कागजों पर जबरन हस्ताक्षर कराने की कोशिश की गई।

पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज और फर्जी अंगूठे लगाकर यूआईटी से 90बी करा ली और फर्जी प्लॉट दर्शा दिए, जबकि वे आज भी वहां खेती कर रहे हैं। आरोपियों को विद्युत विभाग की जेईएन दिव्या खटीक ने अवैध रूप से बिजली कनेक्शन भी दिलवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!