भाजपा देश में बेरोजगारी, महंगाई के मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है – फतह सिंह राठौड़
राजनीतिक प्रतिशोध के कारण केंद्र की मोदी सरकार का अपनी शक्तियों का दुरूपयोग कर मनमाने तरीके से ईडी द्वारा कांग्रेस नेताओं पर चार्जशीट पेश किए जाने के विरोध में केंद्र सरकार के कार्यालय आयकर विभाग के सामने उदयपुर देहात एवं उदयपुर शहर जिला कांग्रेस का संयुक्त विरोध प्रदर्शन।
उदयपुर। 17 अप्रैल। राजनीतिक प्रतिशोध के चलते केंद्र की अहंकारी मोदी सरकार का अपनी शक्तियों का दुरूपयोग कर मनमाने तरीके से ईडी द्वारा यूपीए चेयरपर्सन श्रीमती सोनिया गांधी एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तथा अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं पर चार्जशीट पेश किए जाने के विरोध में उदयपुर देहात एवं उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के सवीना, रेती स्टैंड स्थित आयकर कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
उदयपुर देहात जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ संजीव राजपुरोहित ने बताया कि केंद्र की अहंकारी मोदी सरकार द्वारा राजनीतिक विद्वेष के कारण अपनी शक्तियों का दुरुपयोग कर सभी लोकतांत्रिक मूल्यों को ताक पर रखकर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में यूपीए चेयरपर्सन श्रीमती सोनिया गांधी जी, विपक्ष नेता राहुल गांधी जी तथा अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ मनमाने तरीके से कार्रवाई करते हुए ईडी द्वारा चार्जशीट पेश की गई है जो केवल राजनीतिक प्रतिशोध के कारण केंद्र सरकार के इशारे पर की गई है। इस प्रतिशोध की कारवाई के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आज उदयपुर देहात एवं उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा संयुक्त रूप से सवीना, रेती स्टैंड स्थित केंद्र सरकार के आयकर विभाग के सामने विरोध-प्रदर्शन किया गया।
विरोध प्रदर्शन के बाद अपना वक्तव्य देते हुए उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी ने कहा कि नेशनल हेराल्ड केस सिर्फ़ एक लीगल मामला नहीं, बल्कि उस विचारधारा पर सीधा प्रहार है जो सत्ता की लालसा के आगे कभी नहीं झुकी। सोनिया गांधी जी और राहुल गांधी जी पर लगे आरोप मोदी सरकार की बौखलाहट को दर्शाते हैं क्योंकि राहुल गांधी सत्ता से सवाल करने का साहस रखते हैं, गरीबों की आवाज़ उठाते हैं और भारत के संविधान को सर्वोपरि मानते हैं। इसीलिए राहुल गांधी जनता की लड़ाई लड़ने की कीमत चुका रहे है। भाजपा उन्हें निशाना बना रही हैं, झूठे मुकदमे दर्ज कर रही हैं। यह केस दिखाता है कि आज की राजनीति में अगर आप सच बोलते हैं, तो आपको निशाना बनाया जाएगा। कांग्रेस का कार्यकर्ता इस तरह की द्वेषतापूर्ण कारवाई के खिलाफ अपनी आवाज उठाएगा। और देश की आमजनता भी इस लड़ाई में कांग्रेस के साथ है।
उदयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने अपने वक्तव्य में कहा कि जो परिवार (गांधी परिवार) देश के लिए अपनी जान तक कुर्बान कर चुका है, उसे आज झूठे केसों में फँसाने की कोशिश की जा रही है। नेहरू जी की विरासत, इंदिरा जी की दृढ़ता, राजीव जी का बलिदान आज भी देश भुला नहीं है। और अब सोनिया जी और राहुल गांधी जी के इस संघर्ष में पूरा देश उनके साथ खड़ा है। यह कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं, ये भारत की आत्मा और उसकी लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा की लड़ाई है। मोदी सरकार कान खोल कर सुन ले कि सत्ता कितनी भी कोशिश कर ले, जब इरादे साफ हों, तो साजिशें टिक नहीं पातीं। यह सीधा-सीधा भाजपा द्वारा देश में बेरोजगारी, महंगाई के मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए किया गया हथकंडा है। इसकी सच्चाई भी समय आने पर देश के सामने आ जाएगी।
विरोध प्रदर्शन में उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष कचरू लाल चौधरी, उदयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत, पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, जगदीश राज श्रीमाली, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हीरालाल दरांगी, प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुरेश श्रीमाली,प्रदेश कांग्रेस महासचिव पंकज शर्मा, सुरेश सुथार, उदयपुर शहर जिला संगठन महासचिव अरुण टांक, उदयपुर देहात जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ संजीव राजपुरोहित, पीसीसी सदस्य राम लाल गायरी, शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष दलपत सिंह चुंडावत, मोहम्मद अय्यूब, महासचिव जय प्रकाश निमावत, भानु गुर्जर, पीसीसी सदस्य दरियाव सिंह चुंडावत, महिला कांग्रेस निवर्तमान अध्यक्ष नजमा मेवाफरोश, सुधीर जोशी, राजेश जैन, दिनेश दवे, अर्जुन मेहता, महेंद्र डामोर, निवर्तमान पार्षद शंकर चंदेल, रवि तरवाड़ी, हिदायतुल्ला, दिनेश औदिच्य, जिला परिषद सदस्य कामिनी गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष सोमेश्वर मीणा, अजय सिंह, महेंद्र सिंह राणावत, गिर्वा ब्लॉक अध्यक्ष ओनार सिंह सिसोदिया, झाडोल ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र जैन, हिरण मगरी ब्लॉक अध्यक्ष कमल डांगी, लक्ष्मी नारायण मेघवाल, भूपेंद्र चौहान, पूर्व पार्षद मदन सिंह बाबरवाल, पूर्व पार्षद विनोद जैन, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ देहात जिला अध्यक्ष गणेश लाल मेघवाल, मंडल अध्यक्ष अमित सुहालका, टीटू सुथार, हजारी लाल रजक, देवेंद्र माली, अमित श्रीवास्तव, लक्ष्मी नारायण पुरोहित, डालचंद नागदा, राजकुमार गुर्जर सहित उदयपुर देहात एवं उदयपुर शहर जिला कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
