उदयपुर, 17 अक्टूबर/राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का जिला स्तरीय शुभारंभ सोमवार को सेक्टर 14 स्थित शहरी ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा ने बच्चों को कृमि नाशक दवा खिलाकर किया। इस बार कार्यक्रम की थीम ‘कृमि संक्रमण से छुटकारा, सेहतमंद भविष्य हमारा‘ रखी गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शंकरलाल बामणिया ने आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और बताया कि यह दवा 1 से 19 साल तक के सभी बच्चों किशोर-किशोरियों को खिलाई जाती है।
चिकित्सा विभाग के सयुक्त निदेशक श्रीमान जुलफिकार काजी ने बताया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, राजकीय व निजी स्कूलों, कॉलेजों, मदरसों, तकनीकी संस्थानों में कृमि नाशक दवा निशुल्क खिलाई जाएगी। अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रागिनी अग्रवाल ने बताया कि कृमि संक्रमण से बच्चों में खून की कमी हो जाती है और वे कुपोषण का शिकार हो जाते हैं इस कारण वे हमेशा थकान महसूस करते हैं जो कि संपूर्ण शारीरिक और मानसिक विकास में बाधक होता है। इसलिए 1 से 19 साल तक के सभी बच्चों व किशोर किशोरियों को कृमि नाशक दवा अवश्य खिलाई जानी चाहिए और अपने बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाना चाहिए। एविडेंस एक्शन के रीजनल कोऑर्डिनेटर (अनीमिया मुक्त राजस्थान व एनडीडी कार्यकम) ललित कुमार सालवी ने बताया कि अगले दिन 18 अक्टूबर 2022 को माप-अप राउंड होगा, जिसमें सोमवार को किसी कारण वंचित रहे बच्चों को कृमि नाशक दवा खिलाई जाएगी। कार्यकम के दौरान महिला बाल विकास, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
अपने बच्चों को कृमि संक्रमण से कैसे बचाएं
सीएमएचओ डॉ शंकरलाल बामणिया ने बताया कि कुछ उपाय कर कृमि संक्रमण से बच्चों को सुरक्षित रखा जा सकता है। बच्चों के नाखून कांटे या छोटे रखे, आस-पास सफाई रखें, हमेशा साफ पानी पिये,जूते चप्पल पहन कर रखें, खाने को ढक कर रखें, खुले में शौच न करें, फल सब्जियों को धोकर उपयोग में लें, खाने से पहले और शौच जाने के बाद हाथों को साबुन से जरूर धोएं। अधिक जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 108 पर संपर्क किया जा सकता है।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया-कलेक्टर ने बच्चों को दी कृमि नाशक दवा
