उदयपुर : बीती 7 अक्टूबर को समता नगर निवासी विवेक शर्मा (50) पुत्र रमेशचन्द्र शर्मा ने सुखेर थाने में चोरी की रिपोर्ट लिखवाई। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि उनके घर से अज्ञात बदमाश 1.45 लाख की नकदी व 5 लाख रुपए की कीमत के गहने चुरा ले गए। साथ ही चोर घर में रखे कुछ जरूरी दस्तावेज भी चुरा ले गए। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 20 वर्षीय वर्णिक सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी सुखदेवी नगर बेदला को गिरफ्तार किया। आरोपी वर्णिक नोएडा में इंजीनियरिंग का छात्र है। जिस पर पूर्व में अपनी दादी की हत्या का प्रयास करने का एक मामला भूपालपुरा थाने में दर्ज है।
इस लूट को भी आरोपी ने बड़े ही शातिराना अंदाज में अंजाम दिया। 5 अक्टूबर को वह अपने घर से नोएडा जाने के लिए ट्रेन में बैठा। लेकिन राणा प्रताप नगर स्टेशन पर वह ट्रेन से उतर गया। आरोपी ने घर वापस जाने की बजाय एक स्कूटी किराए पर ली और अपने शिकार की रेकी की। 6 अक्टूबर को जैसे ही प्रार्थी विवेक का परिवार किसी कार्यक्रम में जाने के लिए घर से निकला। आरोपी ने कटर से उनके घर का दरवाजा काटकर 6 तोले सोने के गहने और 1 लाख 45 हजार रुपए की नकदी चुरा ली।
वहीं शातिर ने एक अन्य घटना को अंजाम देते हुए विदेश घूमले गए अतुल पुत्र अशोक बजाज निवासी भुवाणा के घर से भी तीन चैक चुरा लिए और चुराए गए चैकों से आरोपी ने लगभग 4 लाख रुपए बैंक से निकाल लिए। एक ही तरह की दो घटनाएं होने पर जब मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार किया तो वह बार—बार अपने बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करता रहा। उसने बताया कि उसे ये चैक कहीं गिरे हुए मिले थे। लेकिन पुलिस द्वारा दो—तीन दिन तक मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने उसने भेद खोल दिया और अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए के साथ एक गिरफ्तार
अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए के साथ डबोक थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
डबोक थानाधिकारी चन्द्रशेखर किलानिया ने नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 12.85 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए के साथ मोहित पुत्र राजेश निवासी चन्देसरा थाना डबोक को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। मामले में अग्निम अनुसंधान घासा थानाधिकारी भारतसिंह राजपुरोहित द्वारा की जा रही है।
166 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ 2 गिरफ्तार
जिले की भींडर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 166 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ 2 लोगों को गिरफ्तार किया। भींडर थानाधिकारी पूनाराम गुर्जर व डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शनिवार को राजस्थान नंबर की एक पिकअप की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को विभिन्न ब्रांड की अवैध अंग्रेजी शराब की कुल 166 पेटी बरामद की। साथ अवैध शराब परिवहन करते दो लोगों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम दौसा जिले के रहने वाले राजूलाल पुत्र नेहनूराम और गिरीराज पुत्र भगवान सहाय बताए जा रहे हैं। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।