उदयपुर, 11 अगस्त (ब्यूरो): जिले के घासा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिजली सप्लाई लाइन की चपेट में आकर एक कंटेनर ड्राइवर व महिला करंट से बुरी तरह झुलस गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल महिला लाली देवी पत्नी देवी लाल भील सड़क से जा रही थी। तभी पास से निकल रहा कंटेनर सड़क के ऊपर से बिछी 11 हजार केवी की बिजली सप्लाई लाइन से छू गया। कंटेनर के लाइन से टच होते ही एक तेज चिंगारी के साथ पूरे कंटेनर में करंट दौड़ गया। जिसकी वजह से चालक करंट से झुलस गया। इसी दौरान कंटेनर के पास से निकल रही महिला भी उसकी चपेट में आ गई और झुलस गई। रविवार को कालीखान क्षेत्र में घटी इस घटना में महिला के हाथ—पैर व सिर तथा कंटेनर चालक के पैर और पीठ बुरी तरह जल गए। घासा के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को उदयपुर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय में रेफर कर दिया गया।
घटना को देखकर आसपास के लोग सहायता के लिए दौड़े और उन्होंने बिजली विभाग को फोन कर बिजली की सप्लाई बंद करवाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क किनारे झूलते तारों के बारे में कई बार बिजली विभाग को सूचित किया गया है, लेकिन उनके कानों पर जूं नहीं रेंगी। जिसकी वजह से आज इतना बड़ा हादसा हो गया। खबर लिखे जाने तक घायलों को इलाज जारी था।
11 हजार केवी की लाइन से टच हुआ कंटेनर, चालक व एक महिला झुलसे
