चार दिन पहले ली थी जान, तीन दिन से ग्रामीणों को नहीं दिखे पिता तो बड़े बेटे को फोन पर दी थी जानकारी
संवाद सूत्र, उदयपुर। होली पर्व से पहले डूंगरपुर जिले से खौफनाक मामला सामने आया है। जिसमें मानसिक बीमार बेटे ने अपने बुजुर्ग पिता की हत्या कर शव रसोईघर में गाड़ दिया था। ग्रामीणों को पिछले तीन दिन से बुजुर्ग दिखाई नहीं दिया तो उन्होंने बड़े बेटे को इसकी जानकारी दी थी। वह घर लौटा तब रसोईघर भूमि उभरी दिखी और उसकी खुदाई की तो उसमें पिता का शव निकला। बेटे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी छोटे बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार घटना डूंगरपुर जिले के सामीतेड़ गांव कीहै। यहां के प्रकाश बरंडा ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया कि उसके छोटे भाई चुन्नीलाल उर्फ सुनील बरंडा ने 60 वर्षीय बुजुर्ग पिता राजेंग बरंडा की हत्या कर उनका शव रसोई के तल में गाड़ दिया था। उसने बताया कि वह अपनी मां के साथ अहमदाबाद में रहता था। तीन दिन पहले ग्रामीणों ने उनके पिता के गांव में नहीं दिखाई देने की जानकारी दी थी। बताया गया कि चुन्नीलाल ने पिता का शव गाड़ने के बाद उसके ऊपर मिट्टी और लकड़ी रखकर लेपन कर दिया था। पुलिस ने गांव के सरपंच और तहसीलदार की मौजूदगी में रसोई के तलघर को खुदवाया था। जहां मृतक राजेंग बरंडा का शव मिला। पुलिस बांसवाड़ा से एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया तथा जांच शुरू की। बताया गया कि आरोपी चुन्नीलाल मानसिक रोगी है, जिसे पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
फोटो कैप्शन रसोई घर में गाड़े हुए शव को बाहर निकालती हुई पुलिस।
मानसिक बीमार बेटे ने पिता की हत्या कर रसोई में गाड़ दिया शव
