केन्द्रीय गृहमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं में भरा जोश
उदयपुर में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और बांसवाड़ा—डूंगरपुर के बूथ स्तर एवं उससे बड़े स्तर के पदाधिकारी हुए सम्मेलन
उदयपुर। लोकसभा चुनावों को लेकर राजस्थान में भाजपा नेताओं के दौरे शुरू हो गए। मंगलवार को केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह उदयपुर आए और मेवाड़—वागड की तीन लोकसभा उदयपुर, चित्तौड़गढ़ एवं बांसवाड़ा—डूंगरपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा, हमें राजस्थान में हैट्रिक लगानी है और सभी 25 लोकसभा सीटें जीतनी है। गृहमंत्री शाह मंगलवार को उदयपुर के कृषि मंडी परिसर में भाजपा कर्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा चुनाव का शंखनाद करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा, अब उनका एकमात्र लक्ष्य है पार्टी को सभी 25 लोकसभा सीटों पर जिताना। आज से काउंटिंग तक केवल एक ही लक्ष्य तीसरी बार मोदी सरकार को लाने का ही नहीं, बल्कि 400 लोकसभा सीटों पर विजयी दिलाने का है।
राजस्थान होगा अपराध मुक्त, मंदिर तोड़ने की हिमाकत नहीं कर सकेगा कोई
देश के गृहमंत्री अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, गहलोत सरकार के समय मे यहां की बहनें सुरक्षित नहीं थीं। अब राजस्थान में भजन सरकार है। कोई बहनों की तरफ आंखें उठाकर नहीं देख पाएगा। ना ही कोई मंदिरों को तोड़ने की हिमाकत कर सकेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वह केन्द्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की योजनाओं को जनता के बीच विनम्रता से ले जाएं। लोगों को बताएं कि भजनलाल सरकार को ताकत देने के लिए केन्द्र में मोदी सरकार के दूसरे इंजन को जोड़ना बहुत जरूरी है। उन्होंने राममंदिर, धारा 370 से लेकर केन्द्र सरकार की दस सालों में रही उपलब्धियों के बारे में जानकारी शेयर की।
राजस्थान को बनाएंगे अपराध मुक्त
केन्द्रीय गृहमंत्री ने राज्य में भाजपा को पूर्व बहुमत देने के लिए जनजा का आभार जताया और कहा कि सत्ता में आने से पहले जो वायदे भाजपा ने किए थे, वे सभी पूरे किए जाएंगे। प्रदेश को अपराध मुक्त बनाए जाने पर काम शुरू कर दिया गया है।
महाराणा प्रताप से लेकर सुंदरसिंह भंडारी तक को किया याद
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उदयपुर में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते समय महाराणा प्रताप, गोविन्द गुरु, पन्नाधाय, मीरां बाई से लेकर जनसंघ के संस्थापकों में शामिल दिवंगत सुंदरसिंह भंडारी तक को याद किया।
मालवीय बोले, मैंने अपना लाइसेंस रिन्यू करा लिया
एक दिन पहले कांग्रेस को छोड़कर भाजपा जोइन करने वाले बांसवाड़ा जिले के कद्दावर आदिवासी नेता महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा, मैंने अपना लाइसेंस रिन्यू करवा लिया है। अब सबको भाजपा से जोड़ने का काम शुरू करना है। सम्मेलन को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने भी संबोधित किया। सम्मेलन स्थल पर पहुंचने से पहले केन्द्रीय गृहमंत्री भारतीय सेना के विशेष विमान से उदयपुर के डबोक स्थित हवाई अड्डे पर उतरे। जहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट तथा पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर मौजूद थे।
शाह बोले—राजस्थान में लगानी है जीत की हैट्रिक
