उदयपुर, 14 फरवरी। उदयपुर जिला मजिस्ट्रेट एवं दावा परिनिर्धारण आयुक्त अरविंद पोसवाल ने एक आदेश जारी कर पूर्व में हुई सड़क दुर्घटना में मृतक के आश्रित को 25 हजार रुपये की प्रतिकर राशि मंजूर की है। उन्होंने बताया कि गत 9 मई 2019 को एक सड़क दुर्घटना में मृतक सूरजपोल निवासी ललित किशोर कुमावत के आश्रित मृतक की पत्नी श्रीमती जयश्री कुमावत, पुत्र राहुल व पंकज एवं पुत्री दीपिका कुमातव (प्रत्येक को 6250-6250) को यह प्रतिकर राशि मंजूर की गई है।
आईएफएमएस 3.0 पोर्टल पर मैपिंग के निर्देश
उदयपुर, 14 फरवरी। वित्त विभाग द्वारा एकीकृत वित्तीय प्रबंधन प्रणाली के अन्तर्गत ऑटोमेशन युक्त पारदर्शिता सुगमता एवं शुद्धता स्थापित करने आईएफएमएस 3.0 विकसित किया जा रहा है।
कोषाधिकारी सीमा गितेश श्री ने बताया कि समस्त आहरण एवं वितरण अधिकारियों को प्रक्रियाओं के अन्तर्गत आईएफएमएस 3.0 में एचओडी से एचओ एवं डीडीओ मैप करने की कार्यवाही पूर्ण करनी है। मैपिंग का कार्य एचओडी स्तर पर किया जा सकता है। इस संबंध में सभी डीडीओ को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। सभी आहरण वितरण अधिकारियों को पोर्टल पर मैपिंग की कार्यवाही पूर्ण करते हुए कार्यालय के समस्त कार्मिकों के डेटा वेरीफाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि माह फरवरी 2024 के वेतन में किसी प्रकार की समस्या नहीं हो।
पंचायती राज व नगरीय निकायों के उपचुनाव का कार्यक्रम स्थगित
उदयपुर, 14 फरवरी। लोकसभा आम चुनाव-2024 की आदर्श आचार संहिता के आगामी दिनों में जारी होने की संभावना के मद्देनजर राज्य निर्वाचन आयोग ने 9 फरवरी को जारी पंचायती राज संस्थाओं व नगरीय निकायों के उपचुनाव का कार्यक्रम आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया है। राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी नारायण सिंह ने बुधवार को इस आशय के आदेश जारी किए।
आदेशों में बताया कि आयोग द्वारा 1 सितंबर 2023 से 31 दिसंबर 2023 तक रिक्त हुए पंचायती राज संस्थाओं के 434 एवं नगरीय निकायों के 20 पदों पर उपचुनाव की घोषणा 9 फरवरी 2024 को की थी उसके अनुसार 11 मार्च 2024 को उपचुनाव होने नियत हैं। इस बीच भारत निर्वाचन आयोग ने लोकसभा आम चुनाव की तैयारी के लिए स्टेट इलेक्शन प्लानर जारी किया है। इसमें 11 फरवरी से 14 मार्च 2024 तक चुनावी कार्यक्रम निर्धारित हैं। इस संबंध में कई जिला निर्वाचन अधिकारियों ने भी लोकसभा आम चुनावों के कारण प्रशासनिक अधिकारी व कार्मिकों की चुनाव तैयारियों में व्यस्त की प्रति सूचना प्रेषित की है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से लोकसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता गाइडलाइन निकट भविष्य में जारी किए जाने की संभावना है। इस स्थिति को मद्देनजर रखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने 9 फरवरी 2023 को जारी उपचुनाव कार्यक्रम को आगामी आदेशों तक स्थगित कर उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी नहीं किए जाने के निर्देश दिए हैं।
