उदयपुर। जिले के खेरोदा थाना क्षेत्र से लापता एक पशु चिकित्सक का शव शुक्रवार को वीरान स्थान पर पेड़ से लटका मिला। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुटी है कि पशु चिकित्सक ने आत्महत्या की या उसकी हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया गया। परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है।
मिली जानकारी के अनुसार अमरपुरा निवासी पशु चिकित्सक मदनलाल गायरी तीन दिन से लापता था। जिसके पिता किशनलाल गायरी ने उसके लापता होने का मामला दर्ज कराया था। खैरोदा थाना पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इस बीच पुलिस को किसी युवक के शव के पेड़ पर लटके होने की सूचना मिली थी। जिसकी पहचान पशु चिकित्सक के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया। वल्लभनगर अस्पताल के चीरघर में पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसका शव परिजनेां को सौंप दिय गया। रिपोर्ट मिलने से उसकी मौत का सही कारण पता चल पाएगा। पुलिस ने बताया कि मौके से पशु चिकित्सक की बाइक तथा बैग सुरक्षित मिले हैं। जिससे उसके आत्महत्या करने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि परिजनों की शिकायत पर हत्या के नजरिए से भी जांच जारी है।
लापता पशु चिकित्सक का शव फंदे पर लटका मिला
