– नगर भ्रमण में ‘‘सांवरियो है सेठ, म्हारी राधा जी सेठानी है’’ पर झूमे लोग
उदयपुर, 6 फरवरी। उम्मेद सेवा संस्थान के तत्वावधान में मंगलवार को तितरड़ी में श्री सांवरिया सेठ के प्रथम पाटोत्सव पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई एवं ठाकुर जी को छप्पन भोग धराया गया।
संस्थान सचिव राजेन्द्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि तितरड़ी में श्री सांवरिया सेठ के प्रथम पाटोत्सव पर मंगलवार को कुशाल नगर से प्रातः 10.15 शुभ मुहूर्त में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सबसे आगे दो सुसज्जित घोड़े चल रहे थे, इनके पीछे बैंड मधुर स्वर लहरियां बिखेरता चल रहा था। बैंड के पीछे सुसज्जित जीप में सांवरिया जी के विग्रह को विराजमान किया गया। इसके बाद पूरे तितरड़ी क्षेत्र में नगर भ्रमण कराया गया। शोभायात्रा तितरड़ी के विभिन्न मार्गों से होती हुई मुख्य चौराहे पर पहुंची जहां ‘‘सांवरियो है सेठ, म्हारी राधा जी सेठानी है, म्हारा सांवरिया सरकार, श्याम की लीला न्यारी, सांवरिया थारा नाम हजार’’ आदि भजनों पर महिला-पुरूष झूम उठे। यहां से शोभायात्रा कुशाल नगर होते हुए पुनः मंदिर पहुंची जहां भव्य महाआरती की गई। मार्ग में जगह-जगह स्वागत द्वार लगाए गए एवं पुष्प वर्षा की गई। शोभायात्रा में ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने भी शिरकत की। ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा का संस्थान अध्यक्ष भभूत सिंह सिसोदिया ने माला पहनाकर एवं उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया। इस अवसर पर महंत कुशालभारती जी ने उपस्थित होकर आशीर्वाद प्रदान किया। शोभायात्रा के पश्चात् प्रसादी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान पदाधिकारी, सदस्य व क्षेत्रवासीगण का विशेष सहयोग रहा।
श्री सांवरिया सेठ के प्रथम पाटोत्सव पर निकली शोभायात्रा, धराया छप्पन भोग
