भाजयुमो नेता की सजगता से बचा हादसा
उदयपुर। गुजरात रोडवेज की बस महज एक ही नट पर दौड़ रही थी। समय रहते भाजयुमो पदाधिकारी को इसकी भनक लगी तो उसने बस रूकवाई थी। जब बस को रोका गया तो उसके पिछले पहिये के एक नट को छोड़कर बाकी सभी नट खुलकर रास्ते में गिर चुके थे, जबकि बस इकलौते नट पर चल रही थी, जो आधा खुला पाया गया। इस दौरान बस में काफी यात्री सवार थे और थोड़ी लापरवाही किसी बडद्ये हादसे का कारण बन जाता।
बताया गया कि नाथद्वारा से गुजरात के नडियाद जा रही बस में भाजपा युवा मोर्चा के देहात जिला मंत्री उज्जवल जैन भ सवार थे। वह बस की आखिरी सीट पर बैठकर चल रहे थे। बारापाल के निकट उन्हें बस के पिछले टायर से गड़गड़ाहट की आवाज आई। जिसके बारे में उन्होंने बस चालक को कई बार बताया लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। बारापाल पहुंचते ही यह आवाज काफी तेज हो गई थी। किसी अनहोनी के अंदेशे में उज्जवल जैन ने जिद और बहस कर बस रूकवाई। तब बस से उतरकर चालक ने पिछला टायर देखा तो वह भौचक्का रह गया। टायर में एक ही नट लगा था, जो भी आधा खुला हुआ था। जबकि बाकी नट खुलकर रास्ते में ही गिर चुके थे। इस पर बस में सवार यात्रियों ने चालक की लापरवाही को लेकर आक्रोश भी जताया। बाद में दूसरी बस के जरिए इस बस के यात्रियों को आगे की यात्रा पर भेजा गया। उज्जवल जैन के जरिए सूचना मिलने पर भाजपा के आपदा राहत प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. जिनेन्द्र शास्त्री ने गुजरात के सड़क परिवहन मंत्री हष सांघवी को इसकी जानकारी दी तथा लापरवाही बरतने वाले चालक तथा जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मात्र एक नट पर चल रही थी गुजरात रोडवेज की बस
