कुल 14 प्रकरण दर्ज, 1101850 रुपये की शास्ती लगाई
उदयपुर, 15 जनवरी। राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव के आदेशों की पालना में जिला कलक्टर द्वारा अवैध खनन, निर्गमन, भण्डारण की रोकथाम के लिए गठित एसआईटी टीम की ओर से लगातार कार्यवाही की जा रही है। सोमवार को हुई कार्यवाही में अवैध खनन, निर्गमन व भण्डारण के कुल 14 प्रकरण दर्ज कर अवैध खनन की शास्ती राशि 11 लाख 01 हजार 850 रुपये आरोपित की गई व 4 प्रकरणो में फॉरेस्ट एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई एवं परिवहन विभाग द्वारा 82 हजार 500 रुपये की पेनाल्टी आरोपित की गई।
जिला कलक्टर अरविंद कुमार पोसवाल व पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव के निर्देशों की पालना में अतिरिक्त निदेशक खान महेश माथुर, अधीक्षण खनि अभियन्ता एन.के. बैरवा, अधीक्षण खनि अभियन्ता सतर्कता एन.एस. शक्तावत व खनि अभियन्ता उदयपुर पिंकराव सिंह के नेतृत्व में एसआईटी टीम द्वारा कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान पुलिस थाना प्रतापनगर में 1 डम्पर व 3 ट्रेक्टर ट्रॉली अवैध खनिज बजरी व 1 डम्पर अवैध खनिज मेसेनरी स्टोन को जब्त, पुलिस थाना गोगुन्दा में 2 ट्रैक्टर ट्रॉली खनिज मेसेनरी स्टोन,, पुलिस थाना फतहनगर में 1 डम्पर खनिज एमसेण्ड तथा तहसील सराडा में खनिज बजरी के अवैध स्टॉक के 2 प्रकरण लगभग 220 मै.टन जब्त किये गये और वन विभाग द्वारा 4 ट्रेक्टर ट्रॉली खनिज मेसेनरीस्टोन के जब्त कर फॉरेस्ट एक्ट 1980 के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई।
दो दिवसीय राष्ट्रीय समिति की बैठक का शुभारंभ आज
पशुधन सांख्यिकी पर होगी चर्चा
प्रमुख शासन सचिव विकास भाले व पशुपालन आयुक्त डॉ. अभिजीत मित्रा करेंगे शिरकत
उदयपुर, 15 जनवरी। भारत सरकार के मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के पशुपालन सांख्यिकी प्रभाग द्वारा राज्य एवं केन्द्र शासित प्रदेशों के सक्षम प्रतिनिधियों व सांख्यिकी विशेषज्ञों की राष्ट्रीय समिति की बैठक 16 व 17 जनवरी को रघु महल पैलेस होटल में आयोजित होगी।
पशुपालन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. प्रकाश भाटी ने बताया कि वार्षिक बैठक के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि केन्द्र सरकार के पशुपालन कमिश्नर एवं टेक्निकल कमेटी फॉर डायरेक्शन के चेयरमेन डॉ. अभिजीत मित्रा व विशिष्ट अतिथि प्रमुख शासन सचिव विकास भाले होंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य वर्ष के मुख्य पशुधन उत्पादों के समंको को अंतिम रूप देने से पूर्व समंकों के संबंध में चर्चा एवं साथ ही पशु गणना से संबंधित तथ्यों पर विचार विमर्श करना है। देश के समस्त राज्य एवं केन्द्र शासित प्रदेश के अनुमानित 120 से भी अधिक उच्च अधिकारी इस बैठक मे भाग लेंगे। पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. भवानी सिंह राठौड़ ने बताया कि वार्षिक बैठक में देष में विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिनिधि अपने राज्य के अपने पषुधन सांख्यिकी मे सुधार के लिए अपने अमूल्य सुझाव देंगे।
