बांसवाड़ा। बांसवाड़ा शहर के एमजी हॉस्पिटल के गार्ड की हत्या के मामले में छात्रसंघ अध्यक्ष और उसके भाई ने सरेंडर कर दिया है। दोनों के 5 साथी भी हत्याकांड में शामिल थे, जिनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के पिता और मृतक परिवार में भाई हैं। दोनों परिवार के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। हर दिन के विवाद से तंग आकर आरोपियों ने अपने दोस्तों के साथ हत्या कर दी। मामले के अनुसार एमजी अस्पताल के गार्ड भीलवन निवासी लक्ष्मण पुत्र कालू मकवाना का शव बडगांव स्कूल पीछे मिला था। मृतक के बेटे रमेश ने दोनों पर हत्या का शक भी जताया था। पुलिस ने जांच करते हुए शव मिलने की जगह की परिसीमा में आ रहे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। शव के पास बाइक और हेलमेट भी मिला था। वारदात के बाद आरोपी गोविन्द गुरु राजकीय महाविघालय के अध्यक्ष देवेन्द्र मकवाना (23) और उसका भाई चिन्टु मकवाना (34) ने अपना मोबाइल बंद कर दिया था और पुलिस से छुपते फिर रहे थे। आखिरकार दोनों ने सरेंडर कर दिया।
नहर के पानी को लेकर था झगड़ा
साईआई दिलीप सिंह ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने गार्ड की हत्या करना कबूल कर लिया। आरोपी के पिता गटु और मृतक लक्ष्मण परिवार में भाई हैं। दोनों परिवार के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। घटना से पहले 5 दिसंबर को मृतक लक्ष्मण ने आरोपी के पिता गटु के साथ खेत में नहर का पानी को लेकर झगड़ा किया था। रोज-रोज के विवाद से परेशान आकर आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर लक्ष्मण की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। साईआई दिलीप सिंह ने बताया कि देवेन्द्र ने अपने भाई चिन्टू और दोस्तों के साथ मिलकर मर्डर का प्लान बनाया था। गार्ड के हॉस्पिटल से बाहर निकलने के बाद हत्यारों ने उसका पीछा किया। बड़गांव स्कूल से आगे मैन रोड पर गार्ड को रोका और देवेन्द्र की बोलेरो गाड़ी में डालकर ले गए। गाड़ी में गार्ड से मारपीट की। सागतलाई से पिपलवा की तरफ ले जाकर लाठियों से मारपीट कर हत्या कर दी। बडगांव स्कूल के पीछे शव फेंककर चले गए।
हत्या में ये भी शामिल
वारदात में दोनों भाइयों के दोस्त विरेन्द्र पुत्र दिलीप निनामा निवासी पीपलोद थाना कोतवाली, राकेश पुत्र संजू मईडा निवासी पिपलवा थाना कोतवाली, मदन, राजा और अन्य भी शामिल है। सभी की तलाश की जा रही है।
छात्रसंघ अध्यक्ष निकला गार्ड का हत्यारा
