अब चार किलोमीटर के फेर से बचेंगे लोग
उदयपुरे। उदयपुर शहर से सटे बेदला खुर्द से रामगिरी आने—जाने वाले लोगों की राह अब आसान होगी। उदयपुर विकास प्राधिकरण अब इन गांवों के बीच पुलिया का निर्माण करने जा रहा है। जिसके बाद उन्हें चार किलोमीटर का लंबा सफर नहीं करना पड़ेगा और पुलिया से आ—जा सकेंगे।
बेदला खुर्द और रामगिरी के बीच बेड़च नदी के होने के चलते एक—दूसरे गांव के लोग मानसून में नदी के बहने के चलते एक—दूसरे गांव में चाहकर भी नहीं आ सकते। आवश्यकता पड़ने पर सौ मीटर की दूरी पार करने के लिए उन्हें चार किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता था। दोनों गांवों के लिए लंबे समय से बेड़च नदी पर पुलिया निर्माण की मांग कर रहे थे। उदयपुर शहर के निकट होने के बावजूद यह क्षेत्र मावली विधानसभा में आता है और मावली विधायक धर्मनारायण जोशी ने यह मुद्दा विधानसभा तक में उठाया था। जबकि बड़गांव के उप प्रधान प्रताप सिंह राठौड़ भी लंबे समय से इसके लिए आंदोलन छेड़े हुए थे। अब उदयपुर विकास प्राधिकरण ने पुलिया निर्माण के लिए 92 लाख रुपए की राशि मंजूर कर काम भी शुरू कर दिया। पुलिया निर्माण शुरू होने से दोनों गांवों के लोगों में खुशी का माहौल है। बड़गांव के उप प्रधान प्रताप सिंह राठौड़ का कहना है कि उनके आग्रह पर तत्कालीन यूआईटी अब यूडीए के सचिव अरूण हसीजा ने ने तकनीकी अधिकारियों को मौके पर भेजकर पुलिया निर्माण का सर्वे कराया था। इस पुलिया के निर्माण से बेदला खुर्द या रामगिरी के ग्रामीणों को ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के लखावली, डांगियों का गुड़ा, मानपुरा, सबलपुरा, प्रतापपुरा, रेबारियों का गुड़ा सहित लगभग एक दर्जन गांव के लोगों को फायदा होगा।
बेदला खुर्द की रामगिरी से सीधी कनेक्टीविटी का काम शुरू
