यह भी कहा— अब राजस्थान में कभी भी नहीं बनेगी गहलोत की सरकार
उदयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा तथा भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी में चुनावी सभा को संबोधित किया। वह कांग्रेस, राज्य की अशोक गहलोत परिवार तथा बिना नाम लिए गांधी परिवार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के परिवार के खिलाफ जिसने भी बोला, उसकी राजनीति ही नहीं, उसका जीवन भी खत्म समझो। उन्होंने यह भी कहा, मैं भविष्यवाणी कर रहा हूं कि राज्य में अब कभी भी अशोक गहलोत की सरकार नहीं बनेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि आपका कमल के अलावा किसी और को दिया गया वोट भी कांग्रेस की झोली में जाएगा। बीटीपी या बीएपी का नाम लिए बगैर वह बोले कि ‘ये जो दूसरे लोग खड़े हैं, वो उनकी योजना से खड़े हैं।’ पिछली बार भी पाप कर वो आपकी आंखों में धूल झोंक गए। गौरतलब है कि बीटीपी के दोनों विधायक कांग्रेस के पक्ष में ही रहे। पीएम ने कहा कि कांग्रेस के हित में एक बार राजेश पायलट ने परिवार के खिलाफ बोला। अब वह नहीं रहे लेकिन उनकी सजा उनके बेटे को अब तक दी जा रही है। कांग्रेस भले ही तबाह हो जाए, परिवार के खिलाफ जो आवाज उठाएगा, वह बर्बाद हो जाएगा। ये उनकी परिवारवादी राजनीति है।
कांग्रेस का दलित प्रेम झूठा : पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस का दलित प्रेम झूठा है। वह आदिवासियों को गुलाम समझते हैं। उन्होंने पूछा कि कांग्रेस के होर्डिंग में दलित नेता खड़गे की फोटो देखने को मिली। वह बोले— कल मैं जब जयपुर में रोड शो कर रहा था। वहां उनके बड़े—बड़े होर्डिंग लगे थे। उसमें सीएम की फोटो थी, लेकिन प्रदेशाध्यक्ष की नहीं। उनके एक सांसद की तस्वीर थी, लेकिन उनके अध्यक्ष और इतने बड़े दलित नेता खड़गे की फोटो नहीं लगाई। यदि उनकी फोटो लगा देते तो नौकरी नहीं चली जाती।
बताया, इसलिए जरूरी राजस्थान में भी भाजपा सरकार : पीएम मोदी ने कहा मोदी कितना ही प्यार करे, कितना करना चाहे लेकिन जयपुर में कोई और बैठा रहेगा तो मोदी क्या कर लेगा? इसलिए भाजपा की सरकार चुनें। कांग्रेस अपनी वादों की लाल डायरी चाहे कहीं भी लेकर घूमती रहे, मोदी की गारंटी सब पर भारी पड़ेगी। जहां कांग्रेस की उम्मीदें खत्म होती हैं, वहां मोदी की गारंटी शुरू होती है।
कांग्रेस की काली सच्चाई बताई : मोदी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं और उनके करीबियों के बीच ऐसा कारोबार है कि उनके बच्चे तो अफसर बन गए लेकिन आपके बच्चे चुन—चुनकर बाहर कर दिए। कांग्रेस के पाले हुए पेपर लीक माफियाओं ने राजस्थानके युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया। कांग्रेस नेताओं के यहां छापे पड़ रहे हैं। लॉकर से सोने की ईंटें निकल रही हैं। काले कारनामों की लाल डायरी के पन्ने खुल रहे हैं, वह कांग्रेस की काली सच्चाई है।
आदिवासियों की सच्ची हितैषी भाजपा : पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों को कभी नहीं पूछा। यह भाजपा ही है, जिसने आदिवासी मामलों के लिए अलग मंत्रालय बना दिया। भाजपा सरकार में 8 से बढ़ाकर 90 वन उपज पर एमएसपी प्रदान की। पशुओं को भी मुफ्त टीकाकरण योजना लाई।
जो देश के लिए करते हैं, हम उनके लिए जीते हैं : पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने सरदार पटेल और बाबा साहब खूब अपमान किया। सरदार पटेल भाजपा के कार्यकर्ता नहीं थे लेकिन हमने स्टेच्यू आॅफ यूनिटी बनाई। इसलिए कि वे देश के लिए काम करते थे। हम उनके लिए जीते हैं, जिसने देश के लिए काम किया।
