शहर की व्यवस्थाएं सुचारू रखने में सिविल सोसायटी का सहयोग महत्वपूर्ण : जिला कलक्टर

होटल व्यवसायियों, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
सुझाव लिए, अधिकारियों को दिए निर्देश
उदयपुर, 2 नवम्बर। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर में सफाई, यातायात सहित अन्य सभी सामान्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने को लेकर जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल ने गुरूवार को होटल संचालकों, व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक ली। इसमें सामान्य व्यवस्थाओं पर चर्चा के साथ ही प्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलक्टर श्री पोसवाल ने कहा कि शहर की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सिविल सोसायटीज की भूमिका महत्वपूर्ण है। आपसी समन्वय से व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि त्यौहार के दौरान सफाई एवं यातायात व्यवस्था को लेकर शहरवासियों और पर्यटकों को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना नहीं करना पडे़। इसके लिए विशेष मुहिम चलाकर पूरे शहर की साफ-सफाई की जाए। कहीं पर भी पुराना कचरा नहीं रहना चाहिए। आवश्यकतानुसार शहर में एकतरफा यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। नगर निगम आयुक्त वासुदेव मालावत ने अवगत कराया कि निगम की ओर से पर्यटक स्थलों पर रात्रिकालीन सफाई नियमित रूप से की जा रही है। दीपावली पर प्रतिवर्ष सभी वार्डों में रंगोली सजाई जाती है। इस बार भी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। यातायात पुलिस ने अवगत कराया कि दीपावली मेले के मद्देनजर नगर निगम टाउनहॉल के आसपास 10 पार्किंग पाईंट बनाए हैं। पर्यटकों स्थलों पर भी यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को लेकर जरूरी बंदोबस्त किए जा रहे हैं।
बैठक में शामिल विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने पर्यटक स्थलों पर डस्टबिन लगवाने, अश्विनी बाजार में पेड पार्किंग बनाने, अवैध ठैले वालों से निजात दिलाने, पर्यटकों को जांच के नाम पर अनावश्यक परेशानी नहीं उठानी पड़े इसके लिए आवश्यक कदम उठाने, स्मार्ट सिटी मोबाइल एप पर ट्रेफिक पाईंट की समुचित जानकारी उपलबध कराए जाने, कुम्हारों का भट्टा ओवरब्रिज पर डिवाइडर बनाने सहित अन्य सुझाव दिए। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम सिटी राजीव द्विवेदी, यूडीए सचिव राजेश जोशी, एसई अनित माथुर, एएसपी लोकेंद्र दादरवाल, उपाधीक्षक शहर शिप्रा राजावत, उपनिदेशक पर्यटन शिखा सक्सेना, नगर निगम के अधिशासी अभियंता विद्युत रितेश पाटीदार, ट्रेफिक सीआई आदर्शकुमार, नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी नरेंद्र श्रीमाली, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के संरक्षक शब्बीर के मुस्तफा, अध्यक्ष पारस सिंघवी, कार्यकारी अध्यक्ष हिम्मतसिंह बड़ाला, महामंत्री राजमल जैन, खुदरा खाद्य पदार्थ व्यापार संघ अध्यक्ष सूर्यप्रकाश खमेसरा, अश्विनी बाजार व्यापार संघ अध्यक्ष जयेश चंपावत, होटल एसोसिएशन सचिव जतिन श्रीमाली, होटल संस्थान दक्षिणी राजस्थान सुभाषसिंह राणावत, युसीसीआई से शैलेष गौड़ व शर्विल शर्मा, बापू बाजार व्यापार मंडल अध्यक्ष विश्वेन्द्रसिंह पंवार, आनंद नगर विकास समिति अध्यक्ष सुभाषचंद्र आदि उपस्थित रहे।

24 को रवाना होंगे मतदान दल
उदयपुर, 2 नवंबर। विधानसभा आमचुनाव 2023 के लिए मतदान दलों की रवानगी, उनका पुनः आगमन एवं मतगणना संबंधी समस्त कार्य मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के सामाजिकी एवं मानविकी महाविद्यालय (आर्ट्स कॉलेज) में सम्पन्न होगा।  25 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए उदयपुर जिले की विधानसभा के लिए मतदान दल शुक्रवार 24 नवंबर को रवाना होंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार पोसवाल ने बताया कि मतदान दलों की रवानगी के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार 24 नवंबर को सुबह 7 बजे झाड़ोल, खेरवाड़ा, सलूंबर व गोगुन्दा विधानसभा के लिए तथा सुबह 11 बजे वल्लभनगर, मावली, उदयपुर ग्रामीण व उदयपुर के लिए मतदान दल रवाना होंगे।

 

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!