-पुरुष मित्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप
उदयपुर। पीएमसीएच हॉस्पिटल के न्यूरो आईसीयू की महिला नर्सिंग कर्मी ने शनिवार दोपहर को अपने हॉस्टल के रूम में चुन्नी से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता की रिपोर्ट पर उसके पुरुष मित्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार कन्नोज सावा चित्तौडगढ़ हाल पीएमसीएच हॉस्टल के रूम नंबर 516 में कृष्णा राय 28 पुत्री अमित राय ने शनिवार को हॉस्टल रूम अंदर से बंद कर चुन्नी से फांसी का फंदा लगाकर लटक गई। उसके पुरुष मित्र शेर शाह उर्फ दीपक ने कृष्णा की सहेली रूम पार्टनर गीता लक्ष्कार को फोन कर बताया कि कृष्णा कुछ गलत कदम उठा सकती है उसे रोकने के लिए। फोन कटने के बाद गीता ने कृष्णा को दो तीन फोन किए लेकिन फोन नहीं उठा तो उसने हॉस्टल वार्डन मंजू कुंवर भोजावत को फोन कर जानकारी दी। मंजू कमरे पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी खटखटाने के बाद भी भीतर से दरवाजा नहीं खोला। इस पर कॉलेज का स्टॉफ एकत्रित हो गया। कार्पेंटर को बुलाकर दरवाजा कटवाया तो भीतर कृष्णा फांसी के फंदे पर लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के कमरे से उसका मोबाइल व डायरी जब्त कर कमरा सीज किया। मृतका कृष्णा के पिता की रिपोर्ट पर शेर शाह उर्फ दीपक के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया। गीता ने पुलिस को बताया कि कृष्णा ने 10 अप्रेल को हॉस्पिटल में ड्यूटी ज्वाइन की थी और देबारी में हॉस्पिटल के पास ही रूम लेकर अपने पुरुष मित्र शेर शाह के साथ रह रही थी। कृष्णा ने उसे बताया कि शेर शाह उसके चरित्र पर शंका करता था और अन्य लड़कों से बात करना उसे अच्छा नहीं लगता था। इस बात को लेकर वह उसे प्रतारित करता था। इस पर उसने शेर शाह का कमरा छोड़कर एक अगस्त को पुन: हॉस्टल में आ गई और उसके साथ रहने लगी। इसके बाद भी शेर शाह उसस इंस्टाग्राम पर फोन और मैसेज करता था। शनिवार को सुबह भी उसके साथ इंस्टाग्राम पर बात की। इस दौरान उन दोनों में जोरदार विवाद हुआ जिससे कृष्णा क्षुब्ध हो गई। दोपहर करीब एक बजे शेर शाह ने उसे फोन कर कृष्णा को गलत कदम उठाने से रोकने के लिए कहा था। वह कमरे पर पहुंची तब तक कृष्णा अपनी जीवनलीला समाप्त कर चुकी थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीएमसीएच हॉस्पिटल की महिला नर्सिंगकर्मी ने फांसी लगा की आत्महत्या
