देश में खुलेंगी 10, जिनमें राजस्थान से उदयपुर, बीकानेर और कोटा शामिल
उदयपुर के वकीलों के प्रतिनिधिमंडल को केन्द्रीय विधि मंत्री ने दी जानकारी
उदयपुर। केन्द्रीय विधि मंत्री अर्जुनलाल मेघवाल ने उदयपुर सहित राज्य के दस जिलों में हाईकोर्ट बैंच की वर्चुअल शाखा खोले जाने की बात कही है। उदयपुर बार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल सांसद अर्जुनलाल मीणा के नेतृत्व में बुधवार को नई दिल्ली में विधि मंत्री मेघवाल से मिला था। जिसके बाद पिछले तीन दिन से उदयपुर में चला आ रहा उदयपुर के वकीलों का आंदोलन थम गया। बीकानेर में हाईकोर्ट की वर्चुअल शाखा खोले जाने की विधि मंत्री की घोषणा के बाद उदयपुर के वकील आंदोलनरत थे। सांसद अर्जुनलाल मीणा का साथ वकीलों को मिलने के बाद विधि मंत्री ने एक प्रतिनिधिमंडल को दिल्ली बुलाया था।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश मोगरा ने बताया कि मंत्री मेघवाल ने कहा कि देश में 10 जगह वर्चुअल हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की जाएगी। जिसमें राजस्थान के उदयपुर, कोटा और बीकानेर जिले शामिल हैं। मंत्री मेघवाल ने अधिवक्ताओं को कहा कि इस संबंध में वे सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस से चर्चा कर आधिकारिक रूप से जल्द ही इसकी घोषणा करेंगे।
उदयपुर एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल में अध्यक्ष राकेश मोगरा, पूर्व अध्यक्ष शांतिलाल चपलोत, मेवाड़-वागड़ हाईकोर्ट बेंच संघर्ष समिति संयोजक रमेश नंदवाना, महासिचव रामकृपा शर्मा, बार काउंसिल राजस्थान के पूर्व अध्यक्ष हर्ष मेहता, पूर्व अध्यक्ष प्रवीण खंडेलवाल, अधिवक्ता चेतनपुरी गोस्वामी शामिल रहे।
राज्यपाल कटारिया ने विधि मंत्री से फोन पर बात की
मेवाड़ वागड़ हाईकोर्ट बेंच संघर्ष समिति के महासचिव राम कृपा शर्मा ने बताया कि इस संबंध में असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया का बहुत बड़ा योगदान रहा। उन्होंने विधि मंत्री मेघवाल से फोन पर वार्ता की। जिसके बाद सांसद अर्जुन लाल मीणा के नेतृत्व में मंत्री मेघवाल से मिले।
चार दशक से चली आ रही थी मांग
बता दें, उदयपुर की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को देखते हुए यहां वर्चुअल बेंच स्थापित करने की मांग पिछले चार दशक से उठ रही थी। जिसे लेकर वकील कई सालों से विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। दो दिन पहले भी कलेक्ट्रेट पर उग्र प्रदर्शन किया गया। साथ ही न्यायिक कार्य का बहिष्कार जारी था।
उदयपुर सहित प्रदेश के 3 जिलों में खुलेगी हाईकोर्ट बैंच की वर्चुअल शाखा
