डूंगरपुर जिले में राजीव गांधी ग्रामीण-शहरी ओलम्पिक खेलों का आगाज, गांवों से लेकर शहरों तक सजे मैदान

राजीव गांधी ग्रामीण-शहरी ओलम्पिक मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की दूरगामी सोच का परिणाम, इससे सामाजिक समरसता बढेगी- विधायक गणेश घोगरा
डूंगरपुर, 5 अगस्त/जिले में शनिवार से राजीव गांधी ग्रामीण-शहरी ओलिंपिक खेलों का शुभारंभ हुआ। शहर के लक्ष्मण मैदान में आयोजित राजीव गांधी शहरी ओलम्पिक खेल के शुभारंभ कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए डूंगरपुर विधायक श्री गणेश घोगरा ने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण-शहरी ओलम्पिक खेल मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की दूरगामी सोच का परिणाम है। हम सबके जीवन में खेलों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। खेलों के माध्यम से टीम भावना का विकास होता है और इससे स्वास्थ्य के साथ सामाजिक सद्भाव भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत को धन्यवाद देता हूं कि डूंगरपुर सहित पूरे राज्य में आज उत्सव जैसा माहौल है। हर आयु वर्ग के लोग राजीव गांधी ग्रामीण-शहरी ओलम्पिक खेलों में भाग ले रहे हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत को धन्यवाद देता हूं।
जिला कलक्टर लक्ष्मी नारायण मंत्री ने ओलम्पिक में भाग ले रहे सभी खिलाडि़यों से खेल को खेल की भावना से खेलने की अपील करते हुए कहा कि इन खेलों को हार-जीत की बजाय सामाजिक समरसता और स्वास्थ्य की दृष्टि से खेलना चाहिए। ओलम्पिक खेलों के आयोजन का उद्देश्य खेलों के माध्यम से आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता और सामाजिक समरसता को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि ओलम्पिक खेलों में कोई टीम नहीं जीतेगी और न कोई टीम हारेगी, बल्कि पूरा राजस्थान जीतेगा।
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी और मेजर ध्यान चंद को किया याद  
इससे पहले विधायक गणेश घोगरा, विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा, समाजेसवी वल्लभराम पाटीदार, डूंगरपुर प्रधान कांतादेवी कोटेड़, लोकपाल सुखदेव यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री राजीव गांधी और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्प माला चढ़ाई। विधायक ने ओलम्पिक खेलों का ध्वजारोहण किया और खिलाडि़यों के मार्च पास्ट की सलामी ली। सभी खिलाडि़यों ने खेल भावना से खेलने की शपथ  ली। इस अवसर पर जिला कलक्टर लक्ष्मीनारायण मंत्री, अतिरिक्त जिला कलक्टर हेमेंद्र नागर, नगर परिषद आयुक्त दुर्गेश रावल, जिला खेल अधिकारी नरेश डामोर सहित अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
हिट राजस्थान, फिट राजस्थान का संदेश
ओलम्पिक खेलों में भाग लेने वाले हर खिलाड़ी को राज्य सरकार की ओर से हिट राजस्थान, फिट राजस्थान का संदेश लिखी आकर्षक टी-शर्ट दी गई है। शुभारंभ के अवसर पर विधायक ने वॉलीबाल मैच का टॉस करवाया और टॉस जीतने वाली टीम की ओर से पहली सर्विस की, जिस पर टीम ने पॉइंट भी हासिल किया। जिला खेल अधिकारी नरेश डामोर ने बताया कि डूंगरपुर जिले में राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों में 72 हजार 546 लोगों ने अपना पंजीयन करवाया है। इनमें 46 हजार 772 पुरुष तथा 25 हजार 774 महिलाएं हैं। वहीं, शहरी ओलम्पिक में 18,778 लोगों ने पंजीयन करवाया है। इनमें 11,258 पुरुष तथा 7,520 महिलाएं शामिल हैं। 10 अगस्त तक राज्य सरकार के निर्देशानुासर ग्रामीण और शहरी ओलम्पिक खेलों का आयोजन होगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!