उदयपुर। शहर में भूपालपुरा थाना पुलिस ने सोमवार को जोधपुर के चार युवकों को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। उनसे दो लाख रुपए कीमत की 9 ग्राम एमडीएमए बरामद की।
मिली जानकारी के अनुसार पकड़े गए युवकों में बासनी जोधपुर निवासी अक्षय पुत्र दलपत राम चौधरी, रातानाड़ा—जोधपुर निवासी ऋतिक पुत्र रमेश प्रजापत, सूरसागर—जोधपुर निवासी अर्पित पुत्र सुखदेव माहेश्वरी तथा जयेश पुत्र भंवरलाल बैष्णव शामिल हैं। यह मादक पदार्थ आयड़ पुलिया के समीप नाकाबंदी के दौरान कार से बरामद हुई। उस कार को भी जब्त कर लिया गया। बताया गया कि उनसे पूछताछ की जा रही है कि उक्त मादक पदार्थ वह किससे और कहां से लेकर आ रहे थे और यहां किस प्रयोजन तथा किसको देने ला रहे थे। थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान जब वाहनों की तलाशी ली जा रही थी, तब उक्त कार का चालक कार से उतर भागने लगा तो पुलिस को संदेह हुआ और कार की गहनता से तलाशी ली गई।
जोधपुर के चार युवकों से एमडीएमए मादक पदार्थ बरामद
