उदयपुर 11 जुलाई। अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) प्रभा गौतम ने मंगलवार शाम कलेक्ट्रेट बैठक कक्ष में जिला पर्यावरण समिति की बैठक ली। बैठक में पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई अहम बिंदुओं पर चर्चा की। एडीएम ने सिंगल यूज प्लास्टिक पर हर हाल में प्रतिबंध लगाने के निर्देश नगर निगम को दिए। इसके अलावा ट्रीटेड वेस्ट वॉटर के पुनरूपयोग को लेकर भी प्रभावी कार्ययोजना बनाने की बात कही।
बायोमेडिकल वेस्ट का हो प्रभावी निस्तारण :
बैठक में उन्होंने मार्बल सलरी निस्तारण को लेकर किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की। इसके साथ ही औद्योगिक इकाइयों द्वारा फैलने वाले प्रदूषण, चिकित्सालयों एवं क्लीनिकों की सफाई व्यवस्था एवं बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण तथा जिले की पहाड़ियों की कटाई एवं खुदाई की रोकथाम को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए। एडीएम ने अवैध बाजरी खनन को भी हर हाल में रोकने की बात कही।
पौधारोपण के लिए आमजन को जागरूक करें
बैठक में उप वन संरक्षक सुगना राम जाट ने राज्य सरकार द्वारा हाल ही में लागू ‘राजस्थान में वन क्षेत्रों के बाहर वृक्ष‘ योजना की जानकारी बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों को दी। इस योजना के तहत विभिन्न विभागों को आवंटित लक्ष्यों को साझा किया। एडीएम ने यूआईटी और नगर निगम को लक्ष्य अनुरूप अधिकाधिक पौधरोपन करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन में इस जनोपयोगी योजना का प्रचार-प्रसार करने की बात कही।
झील संरक्षण में न हो कोताही
इसके अलावा एडीएम ने झीलों के संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने मेनार झील में मिलने वाले वेस्ट को लेकर भी चिंता जाहिर की और इसकी रोकथाम के निर्देश दिए। बैठक में उप वन संरक्षक सुगना राम जाट, उप वन संरक्षक (वन्य जीव), उप वन संरक्षक (उत्तर) सुपोंग शशि, नगर निगम एसई मुकेश पुजारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष् आज उदयपुर में
उदयपुर 11 जुलाई। राजस्थान राज्य समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. अर्चना शर्मा बुधवार 12 जुलाई की शाम 4 बजे सड़क मार्ग से उदयपुर पहुंचेगी। वे रात्रि विश्राम सर्किट हाउस पर करेगी तथा अगले दिन 13 जुलाई की सुबह 11 बजे बांसवाड़ा के लिए प्रस्थान कर जाएंगी।
हरियाली अमावस्या पर दो दिवसीय मेला 17-18 को
आधे दिन का रहेगा अवकाश
उदयपुर 11 जुलाई। उदयपुर शहर में हरियाली अमावस्या के अवसर पर 17 व 18 जुलाई को फतहसागर की पाल व सहेलियों की बाड़ी पर मेला आयोजित होगा। जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा के आदेशानुसार हरियाली अमावस्या पर 17 जुलाई को मध्याह्न पश्चात 1ः30 बजे बाद आधे दिन का स्थानीय अवकाश रहेगा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में जारी आदेशानुसार स्थानीय अवकाश में आंशिक संशोधन किया गया था। संशोधित आदेश के अनुसार 20 जून को जगन्नाथ रथ यात्रा पर आधे दिन का अवकाश देय रहा तथा हरियाली अमावस्या पर आधे दिन का अवकाश देय रहेगा।
सांप दिखे तो घबराएं नहीं, तुरंत वन्यजीव परिरक्षक को सूचित करे
चीफ वाईल्ड लाईफ वार्डन की ओर से उदयपुर के लिए 6 रेस्क्यूअर नामित
उदयपुर 11 जुलाई। वर्षा ऋतु दौरान सांपां को घरों से पकड़कर वन क्षेत्रों में सुरक्षित छोड़ने के लिए राज्य के चीफ वाईल्ड लाईफ वार्डन द्वारा उदयपुर जिले के लिए 6 विशेषज्ञ वन्यजीव परिरक्षक (रेस्क्यूअर) को नामित किया गया है।
मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) आर.के.जैन ने बताया कि वर्षा आरम्भ होते ही सांप प्रायः बिलों से बाहर निकलकर अपने लिये किसी सुरक्षित जगह की तलाश करते हैं। इसी के परिणामस्वरुप आजकल उदयपुर शहर एवं गांवों में भी सांपों के घरों में घुसने की खबरें निरंतर आ रही हैं। जन सुरक्षा के साथ सांपों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने के लिए रेक्स्यूअर तैनात रहेंगे। आमजन नामित रेस्क्यूअर पदम सिह 7976607619, चमन सिंह चौहान 9828058158, धर्मेन्द्र पनिगर 9829116905, विक्रम सालवी 9887744804, प्रकाश गमेती 9653906048 व कमलेश सुथार 9929829576 से सम्पर्क कर सकते हैं।
अनाधिकृत व्यक्ति द्वारा रेस्क्यू करने पर होगी कार्यवाही
वन विभाग की ओर से उदयपुरवासियों से आह्वान किया है घरों में सांप घुसने की शिकायत पर नामित व्यक्तियों से ही सम्पर्क करें, विशेष योग्यता एवं सांप पकड़ने की कार्यकुशलता के कारण ही इन्हें नामित किया गया है। इसके अलावा और कोई अनधिकृत व्यक्ति सांप आदि वन्यजीवों को यदि बिना अनुमति रेस्क्यू करता है तो उनके विरुद्ध वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 के प्रावधानों के तहत वन्यजीव अपराध दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।
किसान का सच्चा मित्र है सांप, इसे मारे नहीं :
सांप हमारी खाद्य श्रृखला का एक महत्वपूर्ण अंग है फलस्वरुप सांपों को मारना नहीं चाहिये। जब तक धरती पर सांप रहेंगे पृथ्वी पर खाद्यान्न की कमी नहीं रहेगी। क्योंकि सांप चूहों इत्यादि को नियंत्रित करने का कार्य करते हैं। इसलिए सांप को किसानों का सच्चा मित्र भी कहते हैं। सांप पकड़ने में नामित विशेषज्ञगण सांप को रेस्क्यू कर उनके प्राकृतिक आवास में उन्हें छोड़ने एवं संबंधित वन अधिकारी को सूचित करने हेतु बाध्य है।
नगर निगम किसानों को बेचेगा गोबर की खाद
उदयपुर 11 जुलाई। नगर निगम द्वारा जिले के काश्तकारों को गोबर की खाद की बिक्री की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त वासुदेव मालावत ने बताया कि निगम द्वारा कृषि कार्य में प्रयुक्त होने वाले गोबर का खाद एक हजार रूपये प्रति ट्रेक्टर ट्रॉली मय एक फिट फन्टा एवं चार हजार रुपये प्रति डंपर (छचक्का व स्वयं की लेबर) की दर से दिया जाएगा। पशुपालन सलाहकार डॉ. ललित जोशी ने बताया कि नगर निगम की गौशाला प्रबंधन एवं जल वितरण समिति की बैठक में लिये गये निर्णय के तहत काश्तकारों के लिए यह व्यवस्था की गई है।
विश्व जनसंख्या दिवस पर विविध आयोजन
उदयपुर, 11 जुलाई। माननीय सदस्य सचिव राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के तत्वावधान में अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के निर्देशानुसार विश्व जनसंख्या दिवस के उपलक्ष्य में उदयपुर जिले में विविध कार्यक्रम आयोजित हुए।
प्राधिकरण सचिव एडीजे कुलदीप शर्मा ने बताया कि विश्व में बढ़ती हुई जनसंख्या को रोकने के लिये आमजन को जागरूक किया जाना आवश्यक है। इसी के तहत स्वास्थ्य विभाग उदयपुर द्वारा बप्पा रावल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्राधिकरण की गतिविधियों के संबंध में जागरूक किया। अभिनव स्कूल रकमपुरा में वृक्षारोपण किया गया। एडीजे शर्मा ने स्कूली बच्चों को छायादार एवं फलदार वृक्ष भी वितरित किये गए।
एडीजे कुलदीप शर्मा के निर्देशन में लीगल लीटेसी संत तेरेसा स्कूल, सेंट मेथ्यु स्कूल, हेप्पी होम पूरोहितो की मादडी, सेंट जोसप अशोक नगर, सेंट एन्थोनी बलीचा, सीडलिंग मॉर्डन पब्लिक स्कूल, दिगम्बर जैन बालिका विद्यालय, अभिनव स्कूल में भी विश्व जनसंख्या दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता कार्यक्रम एवं पोस्टर पेटिंग कार्यक्रम आयोजित किये गए।
