गीतांजलि विवि व सुखाड़िया विवि में आयोजित कार्यक्रम में लेंगे भाग
उदयपुर, 10 जुलाई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मंगलवार 11 जुलाई को एक दिवसीय यात्रा पर उदयपुर आएंगे। यहां वे गीतांजलि विश्वविद्यालय तथा मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। बिरला 11 जुलाई को सुबह 9.30 बजे हवाई मार्ग से उदयपुर पहुंचेंगे। वे सुबह 11 बजे गीतांजलि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में सम्मिलित होंगे। यहां वे प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ उनका मार्गदर्शन भी करेंगे। इसके बाद बिरला दोपहर 1.10 बजे से 2.50 बजे तक सर्किट हाउस में प्रबुद्धजन से मिलेंगे। दोपहर 3 बजे से वे मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग की ओर से आयोजित लीडरशिप कॉन्क्लेव 2023 में सम्मिलित होंगे। इस कार्यक्रम में राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष डॉ सीपी जोशी भी उनके साथ रहेंगे। कार्यक्रम के बाद वे पुनः सर्किट हाउस में प्रबुद्धजन से मिलेंगे। वहां से वे सड़क मार्ग से कोटा के लिए रवाना हो जाएंगे।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभार्थी उत्सव आज
उदयपुर, 10 जुलाई। राज्य सरकार के सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग का राज्य स्तरीय लाभार्थी उत्सव मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की उपस्थिति में जयपुर में मंगलवार 11 जुलाई को सुबह 11 बजे से मनाया जाएगा। उदयपुर जिले का जिला स्तरीय कार्यक्रम नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच पर जिला कलक्टर ताराचंद मीणा के निर्देशन में आयोजित होगा।
सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनान्तर्गत लाभार्थियों के साथ संवाद किया जाएगा। कार्यक्रम में उदयपुर जिले के करीब 4 लाख 48 हजार 788 लाभार्थियों के खातों में बढी हुई पेंशन राशि का हस्तांतरण होगा। इसमें एकल नारी सम्मान योजना में एक लाख 3 हजार 788, वृद्धजन सम्मान पेंशन योजना में 3 लाख 17 हजार 571, विशेष योग्यजन सम्मान पेंशन योजना में 23 हजार 999 तथा कृषक सम्मान योजना में 3364 लाभार्थी शामिल है। कार्यक्रम की समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
जिला पर्यावरण समिति की बैठक आज
उदयपुर, 10 जुलाई। जिला पर्यावरण समिति की बैठक मंगलवार 11 जुलाई शाम 4.30 बजे जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगी।
समिति के सदस्य सचिव एवं उप वनरक्षक सुपांग शशि ने बताया कि बैठक में पर्यावरण व पौधारोपण संरक्षण के बारे में जनजागृति, मार्बल स्लरी निस्तारण, उद्योग इकाई द्वारा प्रदूषण फैलाने की रोकथाम, पॉलीथिन के उपयोग पर प्रतिबंध, जिले के बड़े चिकित्सालय में सफाई व्यवस्था व बायो मेडिकल वेस्ट निस्तारण, पहाड़ियों की खुदाई व कटान, अवैध बजरी खनन व जल प्रदूषण रोकने आदि विषयों पर चर्चा की जाएगी।
नवोदित प्रतिभा पुरस्कारों के लिए प्रविष्टियाँ 15 अगस्त तक आमंत्रित
उदयपुर, 10 जुलाई। राजस्थान साहित्य अकादमी द्वारा नवोदित प्रतिभा प्रोत्साहन पुरस्कारों हेतु प्रविष्टियाँ आमंत्रित की गई हैं। अकादमी सचिव ने बताया कि वर्ष 2023-24 में डॉ. सुधा गुप्ता पुरस्कार (महाविद्यालय स्तरीय छात्राओं के लिए) योजना में साहित्यिक निबंध विधा में (एक निबंध) और चन्द्रदेव शर्मा पुरस्कार (महाविद्यालय स्तरीय) योजनान्तर्गत कविता विधा में (5 कविताएं), कहानी, निबंध और एकांकी विधाओं में एक-एक रचना की प्रविष्टियाँ (दो प्रतियों में) आमंत्रित की गई हैं। परदेशी पुरस्कार (विद्यालय स्तरीय) हेतु कविता विधा में (5 कविताएं), कहानी, निबंध और लघुकथा विधाओं में एक-एक रचना (दो प्रतियों में) आमंत्रित हैं। सभी प्रविष्टियाँ दो प्रतियों में भिजवाना आवश्यक हैं।
इन पुरस्कार योजनाओं में राजस्थान स्थित महाविद्यालयों और विद्यालयों में नियमित रूप से अध्ययनरत छात्र-छात्राएं ही भागीदारी कर सकते हैं। प्रविष्टि भिजवाने वाले छात्र-छात्राओं की उम्र 23 वर्ष से कम होनी चाहिए। अकादमी कार्यालय में प्रविष्टियाँ भिजवाने की अंतिम तिथि 15 अगस्त है। योजना के नियम, प्रपत्र आदि की जानकारी के लिए अकादमी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है अथवा अकादमी की वेबसाईट पर उपलब्ध है।
ब्लॉक स्तरीय राजस्थान युवा महोत्सव अब 16 से 25 जुलाई तक
तिथियों में परिवर्तन
पंजीयन की तिथि 15 जुलाई तक बढ़ाई
उदयपुर, 10 जुलाई। राज्य सरकार के निर्देशानुसार राजस्थान युवा बोर्ड के तत्वावधान में प्रस्तावित राजस्थान युवा महोत्सव की तिथियों में परिवर्तन किया गया है। अब ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन 16 से 25 जुलाई के मध्य होगा। इसके साथ ही महोत्सव में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथि भी 15 जुलाई 2023 तक बढा दी गई है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 16 जुलाई को जिले के जयसमंद, सलूम्बर व झल्लारा, 17 जुलाई को ऋषभदेव, खेरवाड़ा व नयागांव तथा 18 जुलाई को झाड़ोल व फलासिया में ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव आयोजित होगा। इसी प्रकार 19 जुलाई को बड़गांव, गोगुंदा व सायरा, 20 जुलाई को वल्लभनगर व भीण्डर, 21 जुलाई को मावली व कुराबड़, 22 जुलाई को कोटड़ा, 23 जुलाई को गिर्वा व लसाड़िया तथा 24 जुलाई को सराड़ा व सेमारी में ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव आयोजित होंगे। जिला स्तरीय युवा महोत्सव पूर्ववत् 1 एवं 2 अगस्त 2023 को यथावत रहेगा। उल्लेखनीय है कि पूर्व में ब्लॉक स्तरीय आयोजन 5 से 31 जुलाई तक निर्धारित थे।
अधिक से अधिक पंजीयन पर जोर
युवा महोत्सव में पंजीकरण की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाकर 15 जुलाई किए जाने के बाद सोमवार को मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में डाइट प्रधानाचार्य चंद्रशेखर जोशी की अध्यक्षता तथा राजस्थान युवा बोर्ड के जिला समन्वयक भैरूलाल गायरी के आतिथ्य में हुई। महोत्सव में युवा और कला प्रेमी लोगों की अधिकतम भागीदारी पर बल दिया। पंजीकरण के लिए युवा बोर्ड की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। बैठक में डॉ. जगदीश कुमावत, डॉ. सत्यनारायण सुथार, रवीद्र दाहिमा, एवं हेमंत जोशी आदि मौजूद रहे।
