विद्या भवन पॉलिटेक्निक मे आयोजित युवा संवाद मे मुनि संबोध का ओजस्वी उद्बोधन

शारीरिक – मानसिक स्वास्थ्य , कार्य- व्यहवार – परिवार संतुलन के लिए युवा वर्ग करें डिजीटल उपवास -मुनि संबोध

पैकेज तथा प्रोफेशन अमीरी के मापदंड नही होते हैं

उदयपुर, 6 जुलाई। फेस बुक, इंस्टा ग्राम, वाट्सअप्प इत्यादि सोशल मीडिया का अत्यधिक इस्तेमाल शारीरिक व मानसिक रूप से अस्थिरता पैदा कर रहा है। दिन मे कुछ घंटो के लिए ही इनका उपयोग करें तथा तथा सप्ताह मे एक – दो दिन इनसे पूरी तरह दूर रहें । मोबाइल फोन, सोशल मीडिया के इस युग मे शारीरिक – मानसिक स्वास्थ्य रक्षा , कार्य- व्यहवार – परिवार संतुलन तथा गुणात्मक जीवन के लिए डिजीटल उपवास जरूरी है।

यह विचार आचार्य महाश्रमण के आज्ञानुवर्ती शासनश्री मुनि सुरेश कुमार के सहवर्ती युवा मुनि संबोध कुमार ‘मेधांश’ ने गुरुवार को विद्या भवन पॉलिटेक्निक महाविद्यालय मे आयोजित युवा संवाद मे व्यक्त किये।

गुरू पूर्णिमा प्रतीक दिवस के रूप मे मनाये गए इस युवा संवाद का आयोजन विवेकानंद केंद्र , उदयपुर शाखा तथा पॉलिटेक्निक की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने संयुक्त रूप से किया।

आत्म विश्वास, सकारात्मकता तथा स्वप्रेरणा बढ़ाने के विविध सरल प्रयोगों का अभ्यास कराते हुए मुनि संबोध ने युवा वर्ग से कहा कि वे अपनी हर आती जाती श्वासों को उद्देश्यपूर्ण बनाये। सुबह से सांय पर्यंत जिनसे भी मिलें, उनके चेहरे पर मुस्कुराहट लाएं। सभी से प्रेम व सम्मान से मिलें।

मुनि संबोध ने कहा कि युवा अपने लक्ष्य पर पूरी तरह फोकस ( केंद्रित) रहे तो पूरी कायनात उनके सपनो को पूर्ण करने में जुट जाती है। अत: युवा वर्ग नशे व अन्य भटकाव से बचें तथा लक्ष्य प्राप्ति मे जुट जाएं।मुनि ने कहा कि आज की शिक्षा व्यवस्था मे पैकेज तथा प्रोफेशन अमीरी के मापदंड बन गए हैं। जबकि मूल्यवान, चरित्र वान ,संस्कार पूर्ण जिम्मेदार नागरिक बनना सबसे बड़ी समृद्धि है।

संवाद के प्रारंभ मे प्राचार्य डॉ अनिल मेहता ने मुनि का स्वागत किया।विवेकानंद केंद्र के संचालक , पूर्व न्यायाधीश हिमांशु राय नागोरी ने मुनि का परिचय प्रस्तुत किया। युवराज प्रजापत ने गुरु वंदना प्रस्तुत की । विद्या भवन प्रबंधन कमिटी सदस्य दिलीप गलुण्डिया ने आभार जताया। संचालन प्राध्यापक रमेश चंद्र कुम्हार ने किया। कार्यक्रम मे विद्या भवन सोसाइटी के सचिव गोपाल बम्ब सहित शहर के गणमान्य प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!