दक्षिणी राजस्थान में उगा विकास का सूरज- जल संसाधन मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया
’2 ग्राम पंचायतों में नवीन भवन, गामड़ी अहाड़ा में
सीएचसी भवन का लोकार्पण, कोडियागुण बांध के ओटे में लगभग 7 करोड़ की लागत से पुलिया का शिलान्यास’
डूंगरपुर, 14 मई/जल संसाधन मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया, राज्य मंत्री डॉ. शंकर यादव, विधायक गणेश घोघरा ने रविवार को डूंगरपुर विधानसभा में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया। इनमें मझोला और पालीसोड़ा में नवीन ग्राम पंचायत का भवन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गामड़ी अहाड़ा का लोकार्पण, रामपुर मेवाड़ा में कोडियागुण बांध के ओटे में लगभग 7 करोड़ की लागत से पुलिया निर्माण कार्य का शिलान्यास, बिछीवाड़ा उपखंड क्षेत्र में ग्राम पंचायत पालीसोड़ा के नवीन राजस्व गांव चक नानकानाला का लोकार्पण शामिल हैं।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री श्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने कहा कि ग्राम पंचायत भवन, हॉस्पिटल, पुलिया ये महज निर्माण कार्य नहीं, इनसे राज्य सरकार की आमजन के कल्याण का संकल्प साकार हुआ है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्य का पैसा जयपुर से गुजरात की सीमा पर बसे कोडियागुण, पालीसोड़ा जैसे दूर-दराज के गांवों तक पहुंचता है, तो आमजन का विश्वास और सुराज का संकल्प और मजबूत होता है। जहां-जहां पानी पहुंच रहा है, वहां खुशहाली आती है। आज दक्षिणी राजस्थान में विकास का सूरज चमक रहा है, जिसकी चमक पूरे राजस्थान में देख सकते हैं। महंगाई राहत कैम्प से आमजन को बड़ी राहत मिल रही है। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने जन्म, मरण और परण तक के लिए आमजन का ध्यान रखा है।
उन्होंने कहा कि कोडियागुण बांध के ओटे में पुलिया निर्माण से सैकड़ों परिवार को लाभ मिलेगा। बारिश के मौसम में जान का जोखिम रहता है। बारिश से पहले पुलिया का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इससे इस क्षेत्र में आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से क्षेत्रवासियों की यह मांग जल्द पूरी होगी।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हर वर्ग का रखा ध्यान- राज्य मंत्री डॉ. शंकर यादव
राज्यमंत्री डॉ. शंकर यादव ने कहा कि राजस्थान सरकार ने महंगाई राहत कैम्प के माध्यम से बचत, राहत बढ़त की गारंटी दी है। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने 10 तरह की योजनाओं से हर परिवार को सुखी, सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की गारंटी दी है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन, 500 रुपये में गैस सिलिंडर, अन्नपूर्णा किट, 25 लाख तक निःशुल्क इलाज जैसी योजनाओं की आज पूरी देश में मिसाल दी जाती है।
राज्य सरकार गरीब को गणेश मानकर कर रही सेवा- विधायक गणेश घोगरा
विधायक गणेश घोगरा ने कहा कि आमजन की उम्मीदों और भरोसे पर खरा उतरने के लिए मुख्यमंत्री श्री अशोक बन गए हैं। डूंगरपुर विधानसभा क्षेत्र सहित दक्षिणी राजस्थान में विकास कार्यों की झड़ी लगी है। महंगाई राहत कैम्प के माध्यम से 500 रुपये में सिलेंडर से गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिली है। माननीय मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत गरीब को गणेश मानकर सेवा करते हैं।
इस अवसर पर पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा, स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
सीएचसी में 30 बेड, आपरेशन थिएटर भी
सामुदायिक स्वास्थ केंद्र गामडी अहाड़ा का रविवार को को लोकार्पण किया गया। सीएमएचओ डॉ अलंकार गुप्ता ने बताया कि सीएचसी में 30 बेड की व्यवस्था है। ऑपरेशन के लिए माइनर एंड मेजर ऑपरेशन थिएटर भी निर्मित किया गया है। पृथक से महिला एंव पुरुष वार्ड की व्यवस्था है। सामान्य प्रसव के लिए अलग से लेबर रूम बनाया गया है। लैब में जांच करने के लिए लंबी कतारों में न खड़ा रहना पड़े, उसके लिए वेटिंग एरिया का भी निर्माण किया गया है।
जल संसाधन मंत्री ने डूंगरपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का किया श्री गणेश
