झाड़ोल क्षेत्र में पथराव से युवक की मौत

हत्या का मामला दर्ज, शादी समारोह में भाग लेने के बाद बाइक से जा रहे थे तीन युवक
उदयपुर। जिले के झाड़ोल क्षेत्र में हाईवे पर गुजरने वाले लोगों और वाहनों पर पथराव की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार रात शादी समारोह में भाग लेने के बाद बाइक से अपने गांव लौट रहे तीन युवकों पर भी बदमाशों ने पथराव कर दिया। जिसमें पत्थर लगने से बाइक चालक वाहन पर संतुलन नहीं रख पाया और सड़क किनारे खाई में दो साथियों के साथ जा गिरा। तीनों घायलों को उदयपुर के एमबी अस्पताल लाया गया, जहां एक युवक की शनिवार सुबह मौत हो गई। इस घटना को लेकर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम बाघपुरा थाना क्षेत्र के पलावड़ा में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर कोचला निवासी विक्रम पुत्र भंवर लखुंबरा, सुनील पुत्र अशोक लखुंबरा तथा उसका छोटा भाई अभिषेक अपने गांव लौट रहे थे। वह झाड़ोल हाईवे से गुजर रहे थे कि रण की घाटी में बदमाशों ने उन पर पथराव कर दिया। पत्थर लगने से विक्रम अपनी बाइक पर संतुलन नहीं रख पाया और सड़क किनारे बनी खाई में जा गिरा। इसमें तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों को इसका पता चला तो तीनों को उपचार के लिए उदयपुर के एमबी अस्पताल भेजा गया। जहां विक्रम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि अभिषेक की हालत भी गंभीर बनी हुई है। घटना को लेकर शनिवार को विक्रम के परिजनों ने गांव के सरपंच भगवतीलाल के साथ पहुंचकर हत्या का मामला दर्ज कराया। सरपंच भगवतीलाल का कहना है कि रणघाटी में आए दिन बदमाश पथराव कर वहां से जाने वाले लोगों से लूटपाट करते हैं। इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा को भी दी थी लेकिन बदमाशों को अभी तक पुलिस पकड़ नहीं पाई। उन्होंने रण की घाटी में पुलिस चौकी खोले जाने की मांग की है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!