आबादी क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक, वन अधिकारी बोले पटाखे चलाओ

उदयपुर। शहर के नजदीकी बड़गांव क्षेत्र में पिछले दिनों तेंदुए द्वारा एक वृद्ध को शिकार बनाए जाने की घटना के बाद कथित आदमखोर तेंदुए को भले ही वन विभाग ने रेस्क्यू कर लिया लेकिन अभी भी आबादी क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक जारी है। शहर के बेडवास क्षेत्र में गुरुवार मध्यरात्रि के बाद ह कॉलोनी में तेंदुआ दिखाई दिया, जिसने एक घर से पालतू कुत्ते का शिकार कर लिया। खौफ खाए लोगों को वन विभाग पटाखे चलाने की राय दे रहा है।
बेड़वास में अलख नयन मंदिर के पीछे कॉलोनी में हरदीप सिंह के घर में घुसा तेंदुआ गुरुवार रात करीब साढ़े बारह बजे घुसा तथा उनके जर्मन शेपर्ड नस्ल के पालतू कुत्ते को मुंह में दबाकर ले गया। यह घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। सुबह जब पालतू कुत्ता नहीं मिला तो परिजनों ने सीसीटीवी के फुटेज देखे तो वह खौफ खा गए। सात फीट ऊंची दीवार को फांदकर तेंदुए ने महज 90 सैकण्ड में पालतू कुत्ते का शिकार कर लिया। घटना के बाद से कॉलोनी वासियों में डर का माहौल है। यहां चारों तरफ आबादी क्षेत्र हैं। हालांकि कुछ दूरी पर पहाड़ी जंगल है। जहां से तेंदुए आने की आशंका जताई जा रही है। कॉलोनी वासियों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर उसे पकड़ने की मांग की है।
हरदीप सिंह ने बताया- वन विभाग को सूचना करने कर्मचारी-अधिकारी शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंचे। उन्होंने फिलहाल रात के समय पटाखे चलाने की सलाह दी है। ताकि तेज आवाज से तेंदुआ नहीं आए। वापस तेंदुआ दिखने या अंदेशा होने पर उन्होंने पिंजरा लगाने की बात कही है। दरअसल, कॉलोनी से करीब डेढ़ किमी दूर पहाड़ी है। जहां से तेंदुआ आने की आशंका है। हालांकि इस आबादी क्षेत्र में पहली बार तेंदुआ देखा गया है।
दो सप्ताह पहले 70 साल के बुजुर्ग को खा गया तेंदुआ
इससे पहले बड़गांव के एक गांव में करीब दो सप्ताह पहले तेंदुए ने 70 साल के बुजुर्ग पर हमला करके मार दिया था, जिसकी उनकी मौत हो गई। इसके अलावा बड़गांव के ही अलग-अलग क्षेत्रों में तेंदुए द्वारा गाय-बकरी जैसे पशुओं को शिकार करने की घटना हो चुकी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!