डॉ. अम्बेडकर को जयंती पर किया नमन

उदयपुर 14 अप्रैल। जिला प्रशासन तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण व नमन कर कहा कि बाबा साहब के आदर्शों पर चलकर ही समाज की बेहतरी तय की जा सकती है। बाबा साहब ने हमेशा गरीबों, दलितों, पिछड़ों के उत्थान की बात की है तथा संविधान निर्माण में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। कार्यक्रम में महिला कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर कोमल जटिया को डॉ अम्बेडकर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपनिदेशक मांधाता सिंह राणावत, सहायक निदेशक के. के.चंद्रवंशी, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी प्रवीण पानेरी, हर्षित कुमार पंचोली सहित समस्त विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर संगोष्ठी का आयोजन

उदयपुर, 14 अप्रैल। जिला उद्योग केंद्र के तत्वावधान में शुक्रवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में संगोष्ठी का आयोजन हुआ। संगोष्ठी में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

कलेक्टर ने राष्ट्रहित एवं संविधान निर्माण में डॉक्टर अंबेडकर के योगदान पर प्रकाश डाला और अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कलक्टर ने मौजूद लोगों को इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने एवं ग्रामीणजन को जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने की बात कही।

संगोष्ठी में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक शैलेंद्र शर्मा ने राज्य सरकार की डॉ. भीमराव अंबेडकर राजस्थान दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना 2022 की विस्तृत जानकारी प्रदान की। शर्मा ने बताया कि इस योजना में नवीन उद्यम व उद्यम की विस्तार हेतु विनिर्माण सेवा एवं व्यापार क्षेत्र में क्रमशः 10 करोड़, 5 करोड़ एंव 1 करोड़ तक की परियोजनाओं में बैंकों के माध्यम से सुविधा प्रदान की जाती है । ऋण राशि के आधार पर ब्याज अनुदान देय है। संगोष्ठी में सीएमएचओ डॉ. एस एल बामणिया द्वारा चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की जानकारी प्रदान दी। कार्यक्रम में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की उपनिदेशक श्रीमती मंजू माली, जिला उद्योग अधिकारी भगवानदास, उद्योग प्रसार अधिकारी चोखाराम एवं आर्थिक अन्वेषक प्रिंस परमार आदि मौजूद रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!