देवस्थान विभाग की देवदर्शन पदयात्रा 16 को

देवस्थान आयुक्त ने प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों की ली बैठक
उदयपुर, 13 अप्रेल। देवस्थान विभाग की ओर से वैशाख कृष्ण पक्ष एकादशी के अवसर पर देव दर्शन पद यात्रा का आयोजन रविवार 16 अप्रेल को किया जाएगा। इस यात्रा के आयोजन को लेकर देवस्थान विभाग व जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही है।
गुरुवार को देवस्थान आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी की अध्यक्षता में प्रशासनिक व संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई और पूर्ण समन्वय के साथ यात्रा आयोजित करवाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यात्रा को लेकर विभाग स्तर पर की जाने वाली तैयारियों के बारे में भी बताया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) प्रभा गौतम ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के स्तर पर की जाने वाली तैयारियों की रूपरेखा प्रस्तुत की और विभागों को इस यात्रा को सफल बनाने के लिए दिए गए दायित्वों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान बताया गया कि शनिवार 15 अप्रेल को देवस्थान आयुक्त सहित अन्य संबंधित अधिकारी तैयारियों का जायजा लेंगे।
यह रहेगा पदयात्रा का कार्यक्रम:
विभाग के सहायक आयुक्त जतिन गांधी ने बताया कि इस यात्रा के तहत शहर के मध्य स्थित सिटी पैलेस से चांदपोल होते हुए अमराई घाट तक स्थित देवस्थान विभाग के राजकीय आत्मनिर्भर एवं राजकीय प्रत्यक्ष प्रभार वाले 11 मंदिरों की यात्रा करवाई जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह पद यात्रा रविवार सुबह 7 बजे सिटी पैलेस स्थित गुलाब स्वरूप बिहारी जी मंदिर से प्रारंभ होकर जगत शिरोमणिजी मंदिर, जवान रूपेश्वरजी, जगन्नाथराय जी (जगदीश मंदिर), जवान सूरज बिहारीजी मंदिर, प्रताप नारायणजी, धनेश्वरजी, पांच महादेव, भीम परमेश्वरजी, उदयश्यामजी फिरंगी घाट होते हुए अमराई घाट स्थित सरदार स्वरूप श्यामजी मंदिर पर आकर सम्पन्न होगी। गांधी ने बताया कि यहां 10 बजे आरती तथा 10.30 बजे प्रसाद वितरण का आयोजन रखा गया है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!