भीलवाड़ा, 24 फरवरी। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत जिले की समस्त पंचायत समितियों में रबी फसल गेहॅू, जौ, मसुर, चना, सरसो फसल का फसल बीमा किया गया। जिले में कुल 1,08,681 कृषकों ने फसल बीमा कराया जिन्हे 6,02,896 बीमा पॉलिसी विभिन्न फसलों पर जारी की गई।
संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) श्री इन्द्र सिंह संचेती ने जानकारी देते हुये बताया कि जिले मे एस.बी.आई. जनरल इश्योरेंस कम्पनी के मार्फत फसल बीमा किया गया । वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा ‘‘मेरी पॉलिसी-मेरे हाथ‘‘ कार्यक्रम 10 मार्च तक जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर फसल बीमा पॉलिसी वितरण का कार्यक्रम चल रहा है। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारी/कर्मचारी, बीमा कम्पनी के प्रतिनिधी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कृषक पुरूष एवं महिलाएं भाग ले रही है।
इसी क्रम में गुरुवार को हमीरगढ़ ब्लॉक के पीपली ग्राम पंचायत के कलुन्दिया ग्राम में फसल बीमा वितरण ‘‘मेरी पॉलिसी – मेरे हाथ‘‘ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कृषि विभाग से कृषि पर्यवेक्षक संदीप सिंह, बीमा कम्पनी से पुष्पेन्द्र सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण कृषक एवं महिलाओं ने उल्लास से भाग लिया। बीमा कम्पनी के प्रतिनिधि ने फसल बीमा की उपयोगिता, मुआवजा व टोल फ्री नम्बर आदि के बारे में जानकारी दी। कृषि विभाग के प्रतिनिधि ने विभाग की अनुदानित योजनाओं के बारे में बताया व इन दिनो सब्जियों एवं फसलो में चेपा कीट की रोकथाम के उपाय बताये।
—000—
जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन 27 फरवरी को
भीलवाड़ा, 24 फरवरी। भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय फ्लैगशिप कार्यक्रम के अन्तर्गत जिले के शाहपुरा ब्लॉक में संचालित अटल भू जल योजना के सफल एवं प्रभावी कार्यान्वयन के लिए एवं सहयोगी विभागों के साथ योजना की कार्य योजना पर विस्तृत चर्चा के लिए जिला कलक्टर श्री आशीष मोदी की अध्यक्षता में 27 फरवरी को दोपहर 12ः30 बजे जिला कलेक्ट्रेट के सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जायेंगा। यह जानकारी अटल भू जल योजना के जिला नोडल अधिकारी श्री एम.एस. राणावत ने दी।
