कैट उदयपुर चैप्टर एवं विमेन विंग की अनूठी पहल, ‘वसीयत एवं पारिवारिक वित्तीय जानकारी पुस्तिका’ का विमोचन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

– हर महिला को पति की आय, संपत्ति, बैंक खातों और वसीयत की जानकारी होना जरूरी : बी.सी. भारतीय
उदयपुर, 27 नवम्बर। महिलाओं को आर्थिक रूप से जागरूक, आत्मनिर्भर और भविष्य के प्रति सुरक्षित बनाने की दिशा में कैट उदयपुर चैप्टर एवं कैट विमेन विंग उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इस अवसर पर ‘वसीयत एवं पारिवारिक वित्तीय जानकारी पुस्तिका’ का विमोचन किया गया। पुस्तिका का लेखन कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भारतीय ने किया है। इसका उद्देश्य महिलाओं को परिवार की आर्थिक स्थिति, संपत्ति, बैंक खातों, निवेश और कानूनी अधिकारों से जुड़ी आवश्यक जानकारियों से अवगत कराना है।
कार्यक्रम में कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भारतीय, कैट नेशनल कार्यकारिणी सदस्य मनीष गलुंडिया, कैट उदयपुर चैप्टर अध्यक्ष दिनेश चोरडिय़ा, महामंत्री महेंद्र तलेसरा, कैट की राष्ट्रीय संयुक्त सचिव एवं कैट नेशनल विमेन विंग की राष्ट्रीय संयोजिका तथा उदयपुर विमेन विंग अध्यक्ष विजयलक्ष्मी गलुंडिया, सचिव डॉ. सोनू जैन, साक्षी भट्ट सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भारतीय ने कहा कि प्रत्येक महिला को अपने पति की आय, बैंक खातों, निवेश, संपत्ति और वसीयत से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां अवश्य होनी चाहिए। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों और संपत्ति से जुड़े निर्णयों में महिलाओं की जानकारी एवं सहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आर्थिक मामलों की जानकारी केवल परिवार के पुरुष सदस्यों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पति-पत्नी दोनों को एक-दूसरे के साथ सभी महत्वपूर्ण वित्तीय जानकारियां साझा करनी चाहिए।
कैट की राष्ट्रीय संयुक्त सचिव विजयलक्ष्मी गलुंडिया ने बताया कि इस पुस्तिका को तैयार करने का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को परिवार की आर्थिक एवं कानूनी जानकारियों के प्रति जागरूक करना है। सामान्यत: परिवारों में बैंक खातों, निवेश, बीमा और संपत्ति से जुड़ी जानकारियां पुरुष सदस्यों तक ही सीमित रहती हैं। ऐसे में किसी दुर्घटना या पति के असामयिक निधन जैसी अप्रत्याशित परिस्थितियों में महिलाओं को आर्थिक एवं कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए पुस्तिका में परिवार से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियों को एक ही स्थान पर व्यवस्थित रूप से दर्ज करने की व्यवस्था की गई है।
– बैंक खातों से लेकर संपत्ति और बीमा तक की जानकारी
पुस्तिका में आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, बैंक खाते, एफडी, बैंक लॉकर, पीपीएफ, पेंशन, अन्य निवेश, मकान, जमीन, व्यवसाय, जीवन बीमा, मेडिक्लेम, वाहन बीमा, ऋण एवं देनदारियों से संबंधित जानकारियों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही डाकघर के खाते, बिजली, गैस, मोबाइल, इंटरनेट जैसी आवश्यक सेवाओं तथा परिवार के महत्वपूर्ण दस्तावेजों और डिजिटल खातों का विवरण दर्ज करने के लिए भी स्थान उपलब्ध कराया गया है। पुस्तिका में महिलाओं के अधिकारों एवं सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कानूनों की जानकारी भी दी गई है। इनमें दहेज प्रतिषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, हिंदू विवाह अधिनियम, विशेष विवाह अधिनियम, मातृत्व लाभ अधिनियम सहित महिला कल्याण से जुड़े अन्य कानूनी प्रावधानों को शामिल किया गया है।
– वसीयत और उत्तराधिकार से जुड़े कानूनी पहलुओं की जानकारी
कैट विमेन विंग सचिव डॉ. सोनू जैन ने बताया कि पुस्तिका में वसीयत तैयार करने और उसके क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को भी विस्तार से समझाया गया है। इसमें वसीयत के निष्पादन, उत्तराधिकारी निर्धारण, ऋणों के भुगतान, विशेष दान, शेष संपत्ति के वितरण तथा वसीयत के क्रियान्वयन की आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई है। इससे महिलाओं को संपत्ति एवं उत्तराधिकार से जुड़े विषयों को समझने में मदद मिलेगी। कैट नेशनल कार्यकारिणी सदस्य मनीष गलुंडिया ने कहा कि यह पुस्तिका केवल दस्तावेजों का संकलन नहीं, बल्कि प्रत्येक महिला के आर्थिक भविष्य की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। महिलाओं को घर की जिम्मेदारियों के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति और अपने कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी को अपनी आय, निवेश, बैंक खातों, बीमा, संपत्ति और वसीयत से जुड़ी जानकारियां एक-दूसरे के साथ साझा करनी चाहिए, ताकि किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में परिवार को आर्थिक एवं कानूनी परेशानियों से बचाया जा सके। कार्यक्रम में इस पहल को महिला सशक्तिकरण, आर्थिक जागरूकता और पारिवारिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। आयोजकों ने कहा कि प्रत्येक परिवार में इस प्रकार की पुस्तिका होनी चाहिए, ताकि परिवार की महत्वपूर्ण जानकारियां व्यवस्थित रहें और जरूरत पड़ने पर सभी सदस्यों को आसानी से उपलब्ध हो सकें।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!