पंचायतीराज आम चुनाव 2026
जिला परिषद सभागार में बुधवार दिनभर चली निर्वाचन प्रक्रिया
उदयपुर, 25 नवंबर। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तहत उदयपुर जिला प्रमुख पद के लिए बुधवार को जिला परिषद सभागार में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी हिम्मत सिंह झाला ने जीत दर्ज करते हुए उदयपुर के नए जिला प्रमुख बनने का गौरव हासिल किया। मतदान में हिम्मत सिंह झाला को 27 मत प्राप्त हुए, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस प्रत्याशी लाल सिंह झाला को 20 मत मिले। इस तरह भाजपा प्रत्याशी ने 7 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
तय कार्यक्रमानुसार शुरू हुई प्रक्रिया, सुरक्षा के रहे माकूल बंदोबस्त-निर्वाचन प्रक्रिया की शुरुआत बुधवार प्रातः जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल की उपस्थिति में हुई। सर्वप्रथम भारतीय जनता पार्टी के सभी निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को जिला निर्वाचन अधिकारी ने शपथ दिलाई। इसके पश्चात सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके बाद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस एवं भारत आदिवासी पार्टी के निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई गई। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कलेक्ट्रेट में जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में सुरक्षा के माकूल बंदोबस्त रहे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला प्रमुख पद के लिए नामांकन प्रक्रिया सुबह 11 बजे तक चली। इसमें भारतीय जनता पार्टी की ओर से हिम्मत सिंह झाला ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किया, वहीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से लाल सिंह झाला ने अपना नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। इसके बाद सुबह 11.30 बजे तक नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गई, जिसमें निर्वाचन अधिकारी ने दोनों प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध पाते हुए स्वीकार कर लिए।
नाम वापसी के लिए दोपहर 1 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। इसके बाद आवश्यक होने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान सम्पन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदान संपन्न होने के बाद तत्काल मतगणना की गई, जिसमें भाजपा प्रत्याशी हिम्मत सिंह झाला ने 27 मत हासिल कर जीत दर्ज की। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी लाल सिंह झाला को 20 मत प्राप्त हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने नवनिर्वाचित जिला प्रमुख झाला को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
उप जिला प्रमुख का निर्वाचन गुरुवार को-जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि पंचायती राज आम चुनाव के तहत उप जिला प्रमुख का निर्वाचन गुरुवार को संपन्न होगा। इसके तहत राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी तय कार्यक्रम अनुसार गुरुवार प्रातः 10 बजे निर्वाचन बैठक शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। 11.30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। दोपहर 1 के तुरंत पश्चात चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। आवश्यकता होने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्ति के तत्काल बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
