देवेंद्र धाम स्थित महावीर समवशरण में श्री पैंतीसिया मंत्र व भक्तामर ग्रंथ का विमोचन, प्रवर्तक डॉ. राजेंद्र मुनि ने समझाया कालचक्र का महत्व
उदयपुर। देवेंद्र धाम स्थित महावीर समवशरण में रविवार को श्री पैंतीसिया मंत्र व भक्तामर ग्रंथ के विमोचन के अवसर पर भव्य धर्मसभा का आयोजन हुआ। धर्मसभा को संबोधित करते हुए डॉ. सुरेंद्र मुनि ने कहा कि तीर्थंकरों की स्तुति करने से मनुष्य को दैहिक एवं दैविक शक्तियां प्राप्त होती हैं।
प्रवचन देते हुए डॉ. मुनि ने बताया कि सामूहिक जाप से तन, मन और जीवन में शांति की प्राप्ति होती है तथा समस्त तनाव और कष्ट समाप्त हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि जो कार्य आधुनिक यांत्रिक साधन और दवाइयां नहीं कर पातीं, वे मंत्रोच्चार से सहज ही संपन्न हो जाते हैं। 24 तीर्थंकरों की स्तुति स्वरूप आचार्य धर्ममुनि द्वारा निर्मित यह पाठ जैन समाज में आज भी बहुचर्चित है, जिसमें यंत्र और मंत्र तत्व का समावेश किया गया है। इसके पाठ से भीतर की सुषुप्त ऊर्जा जाग्रत होती है और दुष्ट शक्तियों का निवारण होता है। उन्होंने प्रार्थना को भारतीय परंपरा का अभिन्न अंग बताते हुए इसे मानव मन की शुद्धि का रामबाण उपाय बताया।
सभा में श्रमणसंघीय प्रवर्तक डॉ. राजेंद्र मुनि ने कालचक्र का वर्णन करते हुए वर्तमान अवसर्पिणी काल के पांचवें आरे (भाग) को दुखमय बताया। उन्होंने कहा कि यदि इस भव में तन-मन से सच्ची साधना कर ली जाए, तो आत्मा आगामी निकट भवों में मोक्ष को प्राप्त कर सकती है। डॉ. मुनि ने कहा कि संसार का मूल आधार मन की अनंत लालसाएं हैं, जो क्षण-क्षण बदलती रहती हैं। मन में रोज नई-नई इच्छाएं जाग्रत होती हैं, जिन्हें पूर्ण करना असंभव है। भगवान महावीर ने इन्हीं इच्छाओं को समाप्त करने के लिए व्रत और मर्यादा का उल्लेख कर अनावश्यक वस्तुओं का त्याग करने की प्रेरणा प्रदान की है।
ग्रंथ विमोचन और अतिथियों का बहुमान-धर्मसभा में दानदाताओं द्वारा ग्रंथ का विमोचन किया गया तथा लाभार्थी परिवार की ओर से प्रभावना (प्रसाद) वितरण का कार्यक्रम सानंद संपन्न हुआ। इस दौरान श्रावक संघ द्वारा किए गए धर्म कार्यों का विवरण प्रस्तुत करते हुए समाज के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में उपाध्याय रमेश मुनि व दीपेश मुनि द्वारा मंगलगान (मंगल दर्शन) प्रस्तुत किया गया तथा बाहर से पधारे अतिथियों का समाज की ओर से बहुमान किया गया।
