उदयपुर में 3-4 जनवरी को होगा आईसीएआई का राष्ट्रीय सम्मेलन ‘राम’, देशभर से जुटेंगे 1500 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

– ‘राम – उत्तरदायित्व, जवाबदेही और दक्षता’ विषय पर होगा दो दिवसीय आयोजन
– आयोजन को लेकर सीए पदाधिकारियों ने पोस्टर का विमोचन किया
– कॉरपोरेट व्यावसायिक, पूंजी बाजार, कराधान और कॉर्पोरेट प्रशासन जैसे विषयों पर होगा मंथन
– राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ साझा करेंगे अनुभव, बैंकिंग, वित्तीय एवं औद्योगिक संस्थानों को भी मिलेगा सहभागिता का अवसर

उदयपुर, 20 नवम्बर । नववर्ष 2027 की शुरुआत उदयपुर के लिए एक बड़े राष्ट्रीय आयोजन के साथ होने जा रही है। जिसमें  बड़े-बड़े उद्योगपतियों के आय व्यय की आमद रखने वालों सदस्यों के लिए भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (आईसीएआई) की प्रैक्टिस मेंबर समिति के तत्वावधान में तथा आईसीएआई उदयपुर शाखा (सीआईआरसी) के आतिथ्य में 3 एवं 4 जनवरी 2027 को दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘राम’ का आयोजन किया जाएगा। ऑकेजन गार्डन एंड बैंक्वेट में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में देशभर से 1500 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट, वित्तीय विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि एवं पेशेवरों के शामिल होने की संभावना है। शुक्रवार को सीए ऑफिस परिसर में पदाधिकारियों ने पोस्टर का विमोचन किया।
उदयपुर चेप्टर अध्यक्ष चिराग धर्मावत ने बताया कि सम्मेलन का विषय ‘राम’ अर्थात उत्तरदायित्व, जवाबदेही और दक्षता रखा गया है। यह विषय व्यावसायिक जिम्मेदारी, जवाबदेही, नैतिक मूल्यों और कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता के सिद्धांतों को केंद्र में रखकर निर्धारित किया गया है। सम्मेलन का उद्देश्य चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे से जुड़े विशेषज्ञों को बदलते आर्थिक एवं
व्यावसायिक परिदृश्य की चुनौतियों और संभावनाओं से परिचित कराना है।

– कॉरपोरेट व्यावसायिक से लेकर पूंजी बाजार तक होगा राष्ट्रीय मंथन
दो दिवसीय सम्मेलन में भारत के वर्ष 2047 के आर्थिक दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर तकनीकी सत्र एवं परिचर्चाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें उभरते पूंजी बाजार, चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका, प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष कराधान, कॉर्पोरेट प्रशासन, वैश्विक क्षमता केंद्र, वित्तीय बाजार तथा व्यावसायिक विकास की नई संभावनाएं प्रमुख रूप से शामिल रहेंगी। सम्मेलन में राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित वक्ता एवं विषय विशेषज्ञ अपने अनुभव, ज्ञान और व्यावहारिक दृष्टिकोण प्रतिभागियों के साथ साझा करेंगे। इसके साथ ही राजनीति एवं उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति और मार्गदर्शन भी आयोजन को विशेष बनाएगा। यह सम्मेलन चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए ज्ञानवर्धन, विचारों के आदान-प्रदान और राष्ट्रीय स्तर पर व्यावसायिक संपर्क विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

– आयोजन को भव्य बनाने के लिए तैयारियां शुरू
आईसीएआई उदयपुर शाखा के अध्यक्ष सीए चिराग धर्मावत ने बताया कि राष्ट्रीय सम्मेलन को उदयपुर के लिए एक विशिष्ट और यादगार आयोजन बनाने की दिशा में व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। आयोजन की सफलता के लिए प्रबंध कार्यकारिणी के साथ विभिन्न आयोजन समितियों का गठन किया जा रहा है। प्रत्येक समिति को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, ताकि सम्मेलन का संचालन सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से किया जा सके।

– औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थानों को मिलेगा जुडऩे का अवसर
शाखा उपाध्यक्ष सीए सौरभ गोलछा ने बताया कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन के माध्यम से बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों, औद्योगिक घरानों, उद्योगपतियों, तकनीकी कंपनियों और प्रतिष्ठित व्यावसायिक संगठनों को आयोजन से जुडऩे का विशेष अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देशभर से आने वाले 1500 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, वित्तीय विशेषज्ञों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के बीच संस्थानों को अपने उत्पादों एवं सेवाओं के प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। इससे राष्ट्रीय स्तर पर संस्थानों की पहचान मजबूत करने, नए व्यावसायिक संपर्क विकसित करने और भविष्य में कारोबार की नई संभावनाएं तलाशने में मदद मिलेगी। इस प्रकार आईसीएआई का राष्ट्रीय सम्मेलन ‘राम’ न केवल चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे के बदलते स्वरूप पर विचार-विमर्श का मंच बनेगा, बल्कि उदयपुर को राष्ट्रीय स्तर पर व्यावसायिक एवं वित्तीय गतिविधियों के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में पहचान दिलाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!