उदयपुर : भारत के सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंकों में से एक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने ‘बॉब गोल्डन गोल जमा योजना’ के तहत ब्याज दरों में 10 बेसिस पॉइंट्स की बढ़ोतरी की घोषणा की। यह 555 दिनों की विशेष रिटेल सावधि जमा योजना है, जो सभी ग्राहक वर्गों और प्रतिदेय तथा गैर-प्रतिदेय दोनों विकल्पों के लिए उपलब्ध है। बैंक ऑफ़ बड़ौदा की गोल्डन गोल जमा योजना पर अब प्रति वर्ष 7.50% तक का ब्याज मिल रहा है। यह योजना 3 करोड़ रुपये से कम की रिटेल सावधि जमा पर लागू है और नई दरें 12 नवंबर, 2026 से प्रभावी होंगी। अन्य सभी अवधियों के लिए सावधि जमा दरों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
बढ़ती ब्याज दरों के परिवेश में, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने जमाकर्ताओं को बेहतर रिटर्न देने के लिए अपनी 555-दिवसीय ‘बॉब गोल्डन गोल जमा योजना’ पर ब्याज दरें बढ़ा दी हैं। यह लक्षित संशोधन बैंक की विवेकपूर्ण आस्ति-देयता प्रबंधन कार्यनीति के अनुकूल है, जिससे बैंक को अपना जमा आधार सुदृढ़ करने और मार्जिन की स्थिरता बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
सुश्री बीना वाहिद, कार्यपालक निदेशक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने कहा कि बैंक ऑफ़ बड़ौदा जमाकर्ताओं को आकर्षक रिटर्न देने के साथ ही वृद्धिशील अर्थव्यवस्था की ऋण आवश्यकताओं की पूर्ति पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। बॉब गोल्डन गोल जमा योजना के तहत ब्याज दरों में वृद्धि उन ग्राहकों को अधिक लाभ प्रदान करेगी जो मध्यम अवधि में स्थिर और निश्चित रिटर्न चाहते हैं और साथ ही यह बैंक के जमा आधार को भी सुदृढ़ता प्रदान करेगी। बैंक के मोबाइल बैंकिंग ऐप (बॉब वर्ल्ड), नेट बैंकिंग (बॉब वर्ल्ड इंटरनेट) या देश भर में बैंक ऑफ़ बड़ौदा की किसी भी शाखा में जाकर नई सावधि जमा खाता आसानी से खोली जा सकती है। इसके अतिरिक्त, बैंक के नए ग्राहक बचत खाता खोले बिना बैंक ऑफ़ बड़ौदा की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन सावधि जमा खाता खोल सकते हैं।
बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने 555-दिवसीय ‘बॉब गोल्डन गोल’ जमा योजना की ब्याज दरें बढ़ाईं
